अमेरिका के साथ यूरोप के संबंध अब भी मजबूत बने हुए हैं : अमेरिकी वित्त मंत्री बेसेंट

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-01-2026
Europe's relations with the US remain strong: US Treasury Secretary Bessant
Europe's relations with the US remain strong: US Treasury Secretary Bessant

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने मंगलवार को कहा कि यूरोप के साथ अमेरिका के संबंध अब भी मजबूत बने हुए हैं। साथ ही उन्होंने अपने व्यापारिक साझेदार देशों से अपील की कि वे ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप प्रशासन की नई शुल्क (टैरिफ) धमकियों से उत्पन्न तनाव को समय के साथ शांत होने दें और धैर्य रखें।

उन्होंने स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक से इतर कहा, "मुझे लगता है कि हमारे संबंध कभी इतने घनिष्ठ नहीं रहे।"
 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि फरवरी से आठ यूरोपीय देशों से आने वाले सामानों पर 10 प्रतिशत आयात शुल्क लगाया जाएगा। ये वही देश हैं जिन्होंने ग्रीनलैंड को अमेरिका के अधीन लेने की ट्रंप की बढ़ती मांगों के बाद डेनमार्क के समर्थन में एकजुटता दिखाई है।
 
ट्रंप का कहना है कि अमेरिका को सुरक्षा कारणों से ग्रीनलैंड की आवश्यकता है, ताकि चीन और रूस से संभावित खतरों का मुकाबला किया जा सके।
 
अमेरिकी नेता की धमकियों ने पूरे यूरोप में आक्रोश और राजनयिक गतिविधियों की बाढ़ ला दी है, क्योंकि नेता संभावित जवाबी उपायों पर विचार कर रहे हैं, जिनमें जवाबी शुल्क लगाना और यूरोपीय संघ के दबाव विरोधी उपायों का पहली बार उपयोग करने जैसे कदम शामिल है।