19 जनवरी : इंदिरा गांधी बनीं देश की पहली महिला प्रधानमंत्री

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-01-2026
January 19: Indira Gandhi became the country's first woman Prime Minister.
January 19: Indira Gandhi became the country's first woman Prime Minister.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 साल के पहले महीने का 19वां दिन भारत के राजनीतिक इतिहास में एक बड़ी जगह रखता है। 1966 में वह 19 जनवरी का ही दिन था, जब इंदिरा गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाया गया। तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मौत के बाद इंदिरा गांधी ने वह कुर्सी संभाली जो स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार उनके पिता जवाहर लाल नेहरू ने संभाली थी। वह 1967 से 1977 और फिर 1980 से 1984 में उनकी मृत्यु तक इस पद पर रहीं।
 
इंदिरा गांधी देश की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री रहीं। दृढ़ निश्चयी और अपने इरादों की पक्की इंदिरा प्रियदर्शिनी गांधी को उनके कुछ कठोर और विवादास्पद फैसलों के कारण याद किया जाता है। 1975 में आपातकाल की घोषणा और 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में सेना भेजने के फैसले उनके जीवन पर भारी पड़े। आपातकाल के बाद जहां उन्हें सत्ता गंवानी पड़ी वहीं स्वर्ण मंदिर में सेना भेजने के फैसले की कीमत उन्हें अपने सिख अंगरक्षकों के हाथों जान देकर चुकानी पड़ी।
 
19 जनवरी 2021 को प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ एवं चेन्नई स्थित कैंसर संस्थान (वीमेन्स इंडियन एसोसिएशन -डब्ल्यूआईए) की अध्यक्ष डॉ. वी शांता का 93 वर्ष की उम्र में निधन। डॉ. शांता ने डॉ. मुथुलक्ष्मी रेड्डी के बेटे डॉ. एस कृष्णमूर्ति के साथ मिलकर कैंसर संस्थान को 12 बिस्तर वाले एक छोटे से अस्पताल से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े कैंसर केंद्र में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
 
यह संस्थान गरीबों को कैंसर का उपचार मुहैया कराने के लिए जाना जाता है। नोबेल पुरस्कार से सम्मानित सर सीवी रमन और सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर के परिवार से संबंध रखने वाली डॉ. शांता को तमिलनाडु सरकार के पुरस्कार, पद्म पुरस्कार और मैगसायसाय पुरस्कार समेत कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था।
 
19 जनवरी 2023 को ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित मशहूर असमी साहित्यकार नीलमणि फूकन का गुवाहाटी में 90 साल की उम्र में निधन। फूकन को साहित्य में उनके समग्र योगदान के लिए वर्ष 2021 का ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया गया था। वह बीरेंद्रनाथ भट्टाचार्य और मामोनी (इंदिरा)रायसम गोस्वामी के बाद असम में ज्ञानपीठ पुरस्कार पाने वाले तीसरे व्यक्ति थे।
 
फूकन को उनके काव्य संग्रह ‘कविता’ के लिए 1981 में साहित्य अकादमी पुरस्कार, 1990 में पद्म श्री और 2002 में साहित्य अकादमी फेलोशिप प्रदान किया गया।
 
देश दुनिया के इतिहास में 19 जनवरी की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
 
1597 : मेवाड़ के राणा प्रताप सिंह का निधन।
 
1883 : नार्थ सी में जर्मन स्टीमर सिंब्रिया और ब्रिटिश स्टीमर सुलतान के बीच टक्कर से 340 लोगों की मौत।
 
1905 : हिन्दू दार्शनिक देबेन्द्रनाथ टैगोर ने अंतिम सांस ली।
 
1942 : जापान की सेना ने बर्मा की राजधानी रंगून से 235 मील दक्षिण पूर्व में स्थित तटीय बंदरगाह तिवोय पर कब्जा किया।
 
1966 : तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की मौत के बाद इंदिरा गांधी को भारत का प्रधानमंत्री बनाया गया।
 
1968 : कोलंबिया और सोवियत संघ के बीच 20 वर्ष के अंतराल के बाद राजनयिक संबध बहाल।
 
1979 : दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पार्क चुंग ही ने उत्तर कोरिया के साथ एकीकरण और युद्ध टालने जैसे विषयों पर बातचीत की पेशकश की।
 
1987 : नारायण दत्त ओझा ने रात के दस बजे उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली और दो घंटे बाद ही रिटायर हो गए।
 
1988 : हिलने और बोलने में असमर्थ लेखक क्रिस्टोफर नोलन की आत्मकथा को विटब्रेड बुक ऑफ द ईयर चुना गया। नोलन ने अपने माथे पर ‘यूनीकोर्न स्टिक’ बांधकर कंप्यूटर पर अपने विचारों को किताब की शक्ल दी। इस दौरान उनकी मां उनके सिर को सहारा देती थीं।
 
1990 : आचार्य रजनीश का पुणे में निधन। उन्हें सदा एक विवादास्पद रहस्यदर्शी, गुरु और आध्यात्मिक शिक्षक के रूप में देखा गया।
 
1990 : दक्षिण अफ़्रीक़ा के साथ क्रिकेट खेलने पर प्रतिबंध के बावजूद इंग्लैंड से 15 क्रिकेटरों का दल जोहानिसबर्ग पहुंचा।
 
2006 : अल जजीरा ने करीब दो बरस बाद ओसामा बिन लादेन का आडियो टेप जारी किया, जिसमें अमेरिका पर और हमलों की तैयारी की बात कही गई थी। इससे पहले दिसंबर 2004 में लादेन का इस तरह का संदेश जारी किया गया था।
 
2019 : साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता बांग्ला लेखक अतीन बंद्योपाध्याय का कोलकाता में 85 साल की उम्र में निधन। इसी दिन मध्य मेक्सिको में ईंधन की एक पाइपलाइन में भीषण आग लगने से 66 लोगों की मौत।
 
2020 : यमन के मारिब में सैन्य शिविर में एक मस्जिद पर मिसाइल और ड्रोन हमले में 100 से अधिक सैनिकों की मौत और सैकड़ों घायल।
 
2021 : आस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन में चौथे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट में भारत की जीत के एक नायक ऋषभ पंत ने महेंद्र सिंह धोनी का रिकार्ड तोड़ दिया और वह सबसे तेज 1000 टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए । पंत ने यह आंकड़ा 27वीं पारी में छुआ जबकि धोनी ने 32 टेस्ट पारियों में 1000 रन पूरे किये थे ।
 
2022 : पूर्वी स्पेन में नर्सिंग होम में आग लगने से छह लोगों की मौत, 17 घायल।
 
2023 : आर्मीनिया के सैन्य अड्डे पर आग लगने से 15 सैनिकों की मौत।
 
2024 : दक्षिणी फिलीपीन में भूस्खलन में घर दबने से 10 लोगों की मौत।
 
2025 : कोलंबिया में विद्रोही गुट ‘नेशनल लिबरेशन आर्मी’ के साथ शांति वार्ता की कोशिशें नाकाम होने के बाद देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में 80 से अधिक लोग मारे गए।