आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
चीन ने अमेरिका के कृषि उत्पादों का व्यापार बढ़ाने पर सहमति जताई है। चीन 2026 के लिए वार्षिक आधार पर 17 अरब अमेरिकी डॉलर के स्तर पर खरीद करेगा और 2027 एवं 2028 में भी इसी स्तर को बनाए रखेगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन यात्रा से लौटने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय एवं आवास ‘व्हाइट हाउस’ ने रविवार को यह जानकारी दी।
व्हाइट हाउस के अनुसार चीन, अमेरिकी गोमांस के लिए बाजार पहुंच बहाल करेगा और उन अमेरिकी राज्यों से पशु उत्पादों (पोल्ट्री) से जुड़ा आयात फिर से शुरू करेगा जिन्हें अमेरिकी कृषि विभाग ने बर्ड फ्लू से मुक्त घोषित किया है। ये समझौते पिछले वर्ष चीन द्वारा सोयाबीन खरीद प्रतिबद्धताओं के अतिरिक्त हैं।
इन समझौतों से उन अमेरिकी किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है जिन्हें व्यापार युद्ध के कारण सोयाबीन और अन्य उत्पादों के प्रमुख निर्यात बाजार में गिरावट का सामना करना पड़ा।
चीन की ओर से हालांकि इनकी तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।
चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा था कि दोनों पक्ष कृषि वस्तुओं से जुड़े कुछ गैर-शुल्क बाधाओं और बाजार पहुंच के मुद्दों को ‘‘सुलझाने या उनके समाधान की दिशा में ठोस प्रगति’’ करेंगे।
मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका, चीन के दुग्ध उत्पादों, समुद्री खाद्य, बोन्साई पौधों के निर्यात और शानदोंग प्रांत को बर्ड फ्लू मुक्त क्षेत्र के रूप में मान्यता देने से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए ‘‘सक्रिय रूप से काम’’ करेगा। साथ ही चीन भी गोमांस प्रसंस्करण इकाइयों के पंजीकरण और कुछ राज्यों से मवेशी पालन निर्यात को लेकर अमेरिकी चिंताओं को दूर करने के लिए ‘‘सक्रिय रूप से काम’’ करेगा।
दोनों पक्षों ने कुछ विशेष उत्पादों पर जवाबी शुल्क कटौती जैसे उपायों के जरिये कृषि उत्पादों सहित व्यापार बढ़ाने पर भी सहमति जताई। हालांकि किन उत्पादों पर यह लागू होगा, इसका विवरण नहीं दिया गया।