चीन ने नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए 22 लाख अमेरिकी डॉलर की सहायता दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 31-08-2026
China provides US$2.2 million in aid to Nepal flood victims
China provides US$2.2 million in aid to Nepal flood victims

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
चीन ने नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के पीड़ितों के लिए 22 लाख अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता दी है और राष्ट्रपति शी चिनफिंग तथा प्रधानमंत्री ली क्विंग ने इस आपदा में जान-माल के नुकसान पर शोक व्यक्त किया है।
 
नेपाल सरकार ने सोमवार को यह जानकारी दी।
 
नेपाल में चीन के राजदूत झांग माओमिंग ने रविवार को वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले को चीनी सरकार की ओर से 35 करोड़ नेपाली रुपये (20 लाख अमेरिकी डॉलर) की सहायता का चेक सौंपा। वित्त मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
 
चीनी राजदूत ने नेपाल सरकार को चीनी रेड क्रॉस की ओर से दो लाख अमेरिकी डॉलर की सहायता भी सौंपी।
 
मंत्रालय के अनुसार, झांग ने शी और ली की ओर से वाग्ले से कहा, ‘‘इस आपदा में नेपाल अकेला नहीं है; चीन हमेशा नेपाल के साथ है।’’
 
चीनी नेताओं ने आपदा में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।
 
नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 903 हो गई, जबकि शवों की बरामदगी जारी है। इस आपदा के बाद करीब 4,250 लोग अब भी लापता हैं।