नई दिल्ली
ताइवान के उत्तर-पूर्वी तट पर शनिवार देर रात रिक्टर स्केल पर 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। स्थानीय समयानुसार रात करीब 11:05 बजे आए इस भूकंप से राजधानी ताइपे समेत कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए। हालांकि, भूकंप के तुरंत बाद किसी बड़े नुकसान या जानमाल के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
ताइवान के केंद्रीय मौसम विज्ञान प्रशासन के अनुसार, भूकंप का केंद्र यिलान काउंटी के तट से दूर समुद्र में स्थित था। यह झटका समुद्र की सतह से लगभग 73 किलोमीटर नीचे आया। मौसम विज्ञान कार्यालय ने बताया कि भूकंप का उपरिकेंद्र यिलान शहर से करीब 32 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था।
भूकंप के कारण ताइपे में कई इमारतें हिल गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। कई निवासी एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर भी भूकंप के झटकों से जुड़े वीडियो और अनुभव साझा किए गए।
ताइवान की राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा ने कहा है कि वह भूकंप से हुए संभावित नुकसान का आकलन कर रही है। राहत और बचाव एजेंसियों को सतर्क रखा गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले 18 दिसंबर को भी ताइवान में एक और शक्तिशाली भूकंप आया था। उस भूकंप का केंद्र सतह से 31.6 किलोमीटर नीचे था और उसका उपरिकेंद्र पूर्वी शहर हुआलियन से करीब 18 किलोमीटर दूर समुद्र में स्थित था।
ताइवान भौगोलिक रूप से दो प्रमुख विवर्तनिक प्लेटों के संगम पर स्थित है, जिस कारण यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। वर्ष 2016 में दक्षिणी ताइवान में आए भूकंप में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 1999 में आए 7.3 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप ने 2,000 से ज्यादा लोगों की जान ले ली थी।
यह जानकारी रॉयटर्स के हवाले से दी गई है।