यह मेरा आखिरी विश्व कप: रोनाल्डो ने फिर से दोहराया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-07-2026
This is my last World Cup: Ronaldo reiterates
This is my last World Cup: Ronaldo reiterates

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि यह उनके करियर का छठा और अंतिम फीफा विश्व कप होगा।
 
वह फीफा विश्व कप के दौरान आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अपनी चिर-परिचित चुटीली शैली में पत्रकारों से रूबरू हुए लेकिन इस बातचीत के अंत में उनकी अर्जेंटीना के एक पत्रकार के साथ हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली।
 
स्पेन के खिलाफ़ प्री-क्वार्टर फ़ाइनल मुकाबले की पूर्व संध्या पर इस 41 साल के खिलाड़ी ने एक बार फिर उस बात को दोहराया, जिसका संकेत वह पहले भी दे चुके हैं।
 
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘ मेरे साथ सबसे बड़ी पूंजी लोगों का प्यार और उनसे जुड़ी यादें हैं। होटल में टीम स्टाफ और लैटिन अमेरिकी लोगों के साथ बिताए पल मेरी सबसे खूबसूरत स्मृतियों में शामिल हैं। कल उड़ान के दौरान अर्जेंटीना की एक एयर होस्टेस मिली। मैंने उसके मुझे देखने के अंदाज़ से ही पहचान लिया कि वह अर्जेंटीना की है। मैंने उससे कहा, ‘तुम जिस तरह मुझे देख रही हो, उससे समझ गया कि तुम अर्जेंटीना से हो। अगर कोई मुझे देखकर तुरंत नजरें फेर ले, तो मैं समझ जाता हूं कि उसे क्रिस्टियानो पसंद नहीं है’।’’
 
मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियाल मैड्रिड स्टार के इस पूर्व स्टार ने कहा, ‘‘मैं अपने आखिरी विश्व कप के हर पल का भरपूर आनंद लेना चाहता हूं। उम्मीद है कि कल मेरा अंतिम मैच नहीं होगा, ताकि आप लोग मेरी आलोचना कुछ और दिन तक करते रहें।’’
 
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 146 गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले रोनाल्डो इससे पहले भी ऐसा संकेत दे चुके हैं। पिछले वर्ष एक टेलीविजन साक्षात्कार में भी उन्होंने अपने अंतिम विश्व कप को लेकर इसी तरह की बात कही थी। उस समय पुर्तगाल ने स्पेन को रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में हराकर यूईएफए नेशंस लीग का खिताब जीता था।