कोलकाता
भारतीय शतरंज प्रेमियों के लिए रोमांचक खबर है। पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद छह साल बाद प्रतिस्पर्धी शतरंज में वापसी करने जा रहे हैं। वह 7 से 11 जनवरी तक होने वाले टाटा स्टील शतरंज इंडिया में हिस्सा लेंगे, जहां उनकी भिड़ंत मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश सहित भारत के कई उभरते सितारों से होगी।
आनंद ने आखिरी बार 2019 में इस टूर्नामेंट में खेला था। अब उनकी वापसी खास इसलिए मानी जा रही है क्योंकि वह अपने ही पूर्व शिष्य गुकेश का सामना करेंगे। गुकेश को हाल के वर्षों में आनंद ने अपनी वेस्टब्रिज आनंद शतरंज अकादमी में मार्गदर्शन दिया है। यह पहला मौका होगा जब दोनों भारतीय धरती पर किसी व्यक्तिगत टूर्नामेंट में आमने-सामने होंगे।
यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट कोलकाता के धोनो धन्यो ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसमें रैपिड और ब्लिट्ज प्रारूप में ओपन और महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी और दोनों वर्गों के लिए समान पुरस्कार राशि रखी गई है।
ओपन वर्ग में फिडे विश्व कप उपविजेता वेई यी, पूर्व अमेरिकी चैंपियन वेस्ली सो, हंस नीमेन, वोलोडार मुर्जिन, और भारतीय सितारे आर. प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगेसी, विदित गुजराती और अरविंद चिदंबरम जैसे खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।
महिला वर्ग में विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख, पूर्व विश्व चैंपियनशिप चैलेंजर एलेक्जेंड्रा गोरियाचकिना, कैटरीना लेग्नो, नेना डजाग्निदजे, डी. हरिका, वैशाली आर., वंतिका अग्रवाल और कैरिसा यिप आकर्षण का केंद्र होंगी।
वापसी को लेकर आनंद ने कहा कि भारत सहित पूरी दुनिया में उभरती प्रतिभाओं ने शतरंज को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और वह इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए उत्साहित हैं।
टाटा स्टील के उपाध्यक्ष डी. बी. सुंदर रामम ने कहा कि आनंद की वापसी ने टूर्नामेंट को और खास बना दिया है, जबकि टूर्नामेंट निदेशक दिब्येंदु बरुआ ने इसे भारतीय शतरंज में पीढ़ी परिवर्तन का प्रतीक बताया।