आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर आठ चरण में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पांच गेंद शेष रहते दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। इस जीत के नायक कप्तान हैरी ब्रुक रहे, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक जड़ते हुए 51 गेंद में 100 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और चार छक्के शामिल रहे।
पाल्लेकल में खेले गए इस अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 164 रन बनाए। साहिबजादा फरहान ने 45 गेंद में 63 रन की तेज पारी खेली, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। उनके अलावा फखर जमां ने 25 और शादाब खान ने 23 रन का योगदान दिया।
इंग्लैंड की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट झटके। जेमी ओवरटन और जोफ्रा आर्चर को दो दो विकेट मिले।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। शाहीन शाह अफरीदी ने पहले ही ओवर में फिल सॉल्ट को आउट किया और फिर जोस बटलर को चलता कर पाकिस्तान को मजबूत शुरुआत दिलाई। एक समय इंग्लैंड ने 58 रन तक चार विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद ब्रुक ने पारी संभाली। उन्होंने पहले सैम कुरेन के साथ 45 रन जोड़े और फिर विल जैक्स के साथ 52 रन की अहम साझेदारी की। दबाव के बीच ब्रुक ने संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया। उन्होंने 50 गेंद में शतक पूरा किया, जो टी20 विश्व कप में किसी भी इंग्लैंड कप्तान का सर्वोच्च स्कोर है।
आखिरी ओवरों में मैच रोमांचक हो गया था, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने विजयी चौका लगाकर इंग्लैंड को जीत दिला दी।
इस जीत के साथ इंग्लैंड लगातार पांचवीं बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है। वहीं पाकिस्तान को करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।