इस्लामाबाद
एक भावनात्मक प्रतिक्रिया ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है। टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में इंग्लैंड से हार के बाद पाकिस्तान की टीम पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। इस हार के बाद खिलाड़ियों की तीखी आलोचना शुरू हो गई, लेकिन मामला तब और गंभीर हो गया जब पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा की पत्नी सबा मंजर ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के व्यवहार पर नाराजगी जताई।
सुपर आठ मुकाबले में पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ करीबी हार का सामना करना पड़ा। इस नतीजे ने सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल कर दी। हार के बाद सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों और उनके परिवारों को निशाना बनाया जाने लगा। इसी बीच सबा मंजर ने एक पोस्ट में लिखा, “अगर आप मुझे या मेरे मासूम बच्चे को गाली देंगे, तो आप विश्व कप नहीं जीत पाएंगे।” हालांकि, यह पोस्ट कुछ ही समय में हटा दिया गया, लेकिन तब तक यह वायरल हो चुका था।
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 164 रन बनाए। शुरुआत संतोषजनक रही, लेकिन मध्य और अंतिम ओवरों में टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने दबाव के बावजूद संयम बनाए रखा। खास तौर पर हैरी ब्रूक की शानदार शतकीय पारी ने मुकाबले का रुख पलट दिया। इंग्लैंड ने 2 विकेट शेष रहते और 5 गेंद पहले लक्ष्य हासिल कर लिया।
हार के बाद कप्तान सलमान अली आगा ने निराशा जाहिर करते हुए कहा कि टीम ने कोशिश में कोई कमी नहीं छोड़ी, लेकिन निर्णायक क्षणों में प्रदर्शन कमजोर रहा। उन्होंने इंग्लैंड के खेल की सराहना करते हुए कहा, “कभी-कभी विपक्षी टीम को श्रेय देना पड़ता है। ब्रूक ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। हमने पूरा प्रयास किया, लेकिन उन्हें रोक पाना मुश्किल था।”
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि खेल में हार-जीत स्वाभाविक है, लेकिन खिलाड़ियों और उनके परिवारों को निशाना बनाना कहां तक उचित है। पाकिस्तान टीम अब अगले मुकाबलों में वापसी की उम्मीद के साथ उतरेगी, जबकि फैंस से संयम और समर्थन की अपेक्षा की जा रही है।