नई दिल्ली,
न्यूज़ीलैंड की अनुभवी ओपनर बल्लेबाज़ सूज़ी बेट्स चोट के चलते मार्च 2026 तक क्रिकेट से दूर रहेंगी। बेट्स को पिछले महीने हैलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय चोट लगी थी। बाद में कराए गए स्कैन में मांसपेशियों में गंभीर खिंचाव (टियर) की पुष्टि हुई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें लगभग तीन महीने के पुनर्वास की सलाह दी है।
इस चोट के कारण बेट्स ओटागो के घरेलू सत्र के शेष मैचों में उपलब्ध नहीं होंगी। इसके साथ ही वह व्हाइट फ़र्न्स की ओर से ज़िम्बाब्वे के खिलाफ फरवरी के अंत में शुरू होने वाली घरेलू श्रृंखला में भी नहीं खेल पाएंगी। यह जानकारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की वेबसाइट पर दी गई।
हालांकि, इस झटके के बावजूद सूज़ी बेट्स ने वापसी को लेकर उम्मीद नहीं छोड़ी है। उनका लक्ष्य मार्च में होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे तक फिट होकर लौटना है, जहां न्यूज़ीलैंड को टी20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे श्रृंखला खेलनी है। बेट्स ने कहा,
“इस गर्मी में क्रिकेट से दूर रहना मेरे लिए बेहद निराशाजनक है। मैं ओटागो स्पार्क्स के साथ एक और सत्र और खासकर सुपर स्मैश खेलने को लेकर बहुत उत्साहित थी। अब मेरा पूरा ध्यान मार्च में व्हाइट फ़र्न्स के साथ मैदान पर लौटने पर है।”
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेट्स आखिरी बार ICC महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 में न्यूज़ीलैंड की ओर से खेलती नज़र आई थीं। टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन उनके मानकों के अनुरूप नहीं रहा और उन्होंने पांच पारियों में कुल 40 रन बनाए। न्यूज़ीलैंड की टीम भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी और सात मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर रही।
आगे की बात करें तो ICC महिला टी20 विश्व कप 2026 में अब महज़ छह महीने शेष हैं। इससे पहले न्यूज़ीलैंड की टीम ज़िम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी, जिसकी शुरुआत 25 फरवरी से हैमिल्टन में होगी। ऐसे में सूज़ी बेट्स की फिटनेस और समय पर वापसी न्यूज़ीलैंड के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।