आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गुजरात के सूरत जिले के किम गांव के रहने वाले राहुल कडवाभाई छोसला ने पारंपरिक कला ‘वुडन स्टिक स्पिनिंग’ में एक साथ दो विश्व रिकॉर्ड बनाकर भारत का नाम रोशन किया है। वर्ल्ड रिकॉर्ड्स कम्युनिटी – इंडिया ने आधिकारिक रूप से राहुल छोसला को मान्यता दी है, जिससे देश की पारंपरिक कलाओं को नई पहचान मिली है।
राहुल छोसला ने दो अनोखे रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं – पहले रिकॉर्ड में उन्होंने 5.5 फीट लंबी और 1.5 किलोग्राम वजन की दो छड़ियों को दोनों हाथों से लगातार 184 बार घुमाया। दूसरे रिकॉर्ड में उन्होंने एक ही हाथ से उतनी ही बड़ी छड़ी को 111 बार घुमाकर सबको चौंका दिया। यह उपलब्धियां वर्ल्ड रिकॉर्ड्स कम्युनिटी के साउथ एशिया हेड और सीनियर एडजुडिकेटर यशवंत राऊत की निगरानी में सूरत में आयोजित आधिकारिक समारोह में दर्ज की गईं।
इस मौके पर सूरत के पुलिस आयुक्त आईपीएस अनुपम सिंह गहलोत भी मौजूद थे। उन्होंने राहुल को उनकी मेहनत, समर्पण और अनुशासन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में यशवंत राऊत ने कहा, “राहुल छोसला की उपलब्धि भारत की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उत्कृष्टता का संगम है। वर्ल्ड रिकॉर्ड्स कम्युनिटी इस अनोखे रिकॉर्ड को प्रमाणित करते हुए गर्व महसूस कर रही है। यह केवल कौशल का नहीं बल्कि भारतीय परंपरा और गर्व का प्रतीक है।”
राहुल छोसला ने बचपन से ही यह कला सीखनी शुरू की थी। वे भरवाड़ समुदाय की पारंपरिक छड़ी कला से प्रेरित हैं, जो संतुलन, शक्ति और अनुशासन का प्रतीक मानी जाती है। अब उनके नाम पर दर्ज ये रिकॉर्ड न केवल गुजरात बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड्स कम्युनिटी, जिसका मुख्यालय अमेरिका में है, दुनिया भर में असाधारण मानवीय उपलब्धियों को मान्यता देने वाला संगठन है। दक्षिण एशिया क्षेत्र में यशवंत राऊत के नेतृत्व में यह संस्था प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने का कार्य कर रही है।
राहुल छोसला के ये रिकॉर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड्स कम्युनिटी की वेबसाइट पर “Highest Number of Wooden Stick Spins in One Minute Using Both Hands” और “Highest Number of Wooden Stick Spins in One Minute Using a Single Hand” के रूप में दर्ज हैं। इनकी सफलता यह साबित करती है कि भारतीय परंपरागत कला आज भी विश्व मंच पर दमदार पहचान बना रही है।