क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने जॉर्जिना से शादी की पुष्टि की

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 12-08-2026
Cristiano Ronaldo confirms marriage to Georgina.
Cristiano Ronaldo confirms marriage to Georgina.

 

लिस्बन।

पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी लंबे समय से साथी रही जॉर्जिना रोड्रिगेज के साथ शादी की पुष्टि कर दी है। रोनाल्डो ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जॉर्जिना के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आ रहे हैं और उनकी उंगलियों में शादी की अंगूठियां दिखाई दे रही हैं।

रोनाल्डो ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीर पोस्ट करते हुए बेहद छोटा लेकिन खास कैप्शन लिखा—“C❤️G”। तस्वीर में दोनों के हाथों में पहनी अंगूठियों ने शादी की खबर को स्पष्ट कर दिया। इसके साथ ही दुनिया भर में मौजूद उनके प्रशंसकों के बीच बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

रोनाल्डो और जॉर्जिना लंबे समय से एक-दूसरे के साथ हैं और दोनों की जोड़ी फुटबॉल जगत के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चित रही है। दोनों अक्सर अपनी निजी जिंदगी और परिवार से जुड़ी तस्वीरें साझा करते रहे हैं।

विश्व कप के बाद मिली बड़ी खुशखबरी

रोनाल्डो की शादी की खबर ऐसे समय आई है, जब हाल ही में उन्होंने 2026 फीफा विश्व कप में पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व किया था। यह उनके करियर का आखिरी विश्व कप था। पुर्तगाल की टीम जुलाई में अंतिम-16 के मुकाबले में स्पेन से 1-0 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।

स्पेन की ओर से मुकाबले का एकमात्र गोल देर से मिकेल मेरिनो ने किया। पुर्तगाल के पास भी गोल करने के कई मौके आए, लेकिन टीम उन्हें भुना नहीं सकी। रोनाल्डो और ब्रूनो फर्नांडिस भी गोल करने में नाकाम रहे।

मैच खत्म होने के बाद रोनाल्डो को बेहद भावुक नजर आए। विश्व कप के सबसे बड़े मंच पर उनका सफर इसी हार के साथ समाप्त हुआ।

ऐसा रहा रोनाल्डो का विश्व कप सफर

रोनाल्डो ने 2006 में पहली बार विश्व कप में हिस्सा लिया था। उस टूर्नामेंट में पुर्तगाल ने चौथा स्थान हासिल किया था। इसके बाद 2010 में टीम अंतिम-16 तक पहुंची, जबकि 2014 में उसे ग्रुप चरण से ही बाहर होना पड़ा।

2018 विश्व कप में भी पुर्तगाल अंतिम-16 से आगे नहीं बढ़ सका। वहीं, 2022 में टीम ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। उस टूर्नामेंट में अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी ने खिताब जीतकर अपने करियर की बड़ी उपलब्धि हासिल की और रोनाल्डो के साथ चल रही ‘GOAT’ बहस को भी नई दिशा मिली।

आखिरी विश्व कप में तीन गोल

2026 विश्व कप में रोनाल्डो की भागीदारी को लेकर टूर्नामेंट से पहले कई सवाल उठ रहे थे। हालांकि, व्यक्तिगत तौर पर उन्होंने अपेक्षाकृत अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच मैचों में तीन गोल किए।

विश्व कप में रोनाल्डो ने कुल 27 मुकाबले खेले, जो किसी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे अधिक विश्व कप मैचों में दूसरे स्थान पर है। उनके नाम विश्व कप में कुल 11 गोल हैं।

पुर्तगाल के लिए विश्व कप जीतने का सपना पूरा नहीं कर पाने के बावजूद रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में अपनी लंबी और शानदार यात्रा को यादगार बनाया है। अब विश्व कप के मंच से विदाई के बाद जॉर्जिना के साथ शादी की खबर उनके प्रशंसकों के लिए एक नई और निजी खुशी लेकर आई है।