आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हॉकी इंडिया लीग को बचाने की कवायद में सभी संबंधित पक्षों से मुलाकात के एक महीने के भीतर खेल मंत्रालय ने हॉकी इंडिया, फ्रेंचाइजी और मंत्रालय के प्रतिनिधियों को शामिल करके सात सदस्यीय समिति का गठन किया है ।
मंत्रालय के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा ,‘समिति में खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव (खेलो इंडिया) विनील कृष्णा, हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह और कोषाध्यक्ष शेखर मनोहरन शामिल होंगे ।’’
सूत्र ने आगे बताया ,‘‘ हॉकी इंडिया लीग फ्रेंचाइजी की ओर से आलोक सांघी, महेश भूपति और दिव्यांशु सिंह समिति का हिस्सा हैं ।’’
खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने 14 सितंबर को हॉकी इंडिया अधिकारियों और फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी जिन्हें लीग पर आये संकट के बारे में बताया गया था ।
खेलमंत्री ने सभी हितधारकों से लीग के प्रशासन मॉडल, वित्तीय मॉडल और ढांचे पर काम करने के लिये कहा था । इसके साथ ही इस पर काम करने के लिये हॉकी इंडिया, फ्रेंचाइजी और खेल मंत्रालय के एक सीनियर अधिकारी को लेकर पैनल के गठन के लिये भी कहा गया था । यह समिति मंत्रालय को तय समय सीमा के भीतर रिपोर्ट देगी ।