चेन्नई सुपर किंग्स से धोनी का रिश्ता टूटने की अटकलें

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 21-05-2026
Speculation Surrounds Dhoni's Split from Chennai Super Kings
Speculation Surrounds Dhoni's Split from Chennai Super Kings

 

नई दिल्ली

MS Dhoni और Chennai Super Kings का रिश्ता आईपीएल इतिहास की सबसे सफल और चर्चित साझेदारियों में गिना जाता है। लंबे समय तक धोनी टीम के सबसे बड़े चेहरे और फैसलों के केंद्र रहे। उनकी कप्तानी में चेन्नई ने कई खिताब जीते और खुद को टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में स्थापित किया। लेकिन अब हालात पहले जैसे नहीं दिखाई दे रहे हैं।

इस सीजन में पहली बार ऐसा हुआ है जब धोनी टीम का हिस्सा होने के बावजूद एक भी मैच खेलते नजर नहीं आए। आधिकारिक तौर पर उनकी गैरमौजूदगी की वजह फिटनेस और चोट को बताया गया, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में टीम प्रबंधन और धोनी के बीच मतभेदों की चर्चा तेज है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल 2026 के बाद धोनी का चेन्नई सुपर किंग्स से रिश्ता पूरी तरह खत्म हो सकता है। कहा जा रहा है कि टीम प्रबंधन के कुछ फैसलों से धोनी नाराज हैं। खासतौर पर टीम की भविष्य की रणनीति और सीनियर खिलाड़ियों को बाहर करने के तरीके को लेकर वह असहज बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में धोनी और टीम प्रशासन के रिश्तों में लगातार दूरी बढ़ी है। अब उन्हें पहले जैसी अहमियत नहीं दी जा रही और कई बड़े फैसलों में उनसे सलाह भी नहीं ली जा रही। यहां तक कि टीम संयोजन और खिलाड़ियों के चयन से जुड़े कुछ अहम निर्णयों की जानकारी भी उन्हें बाद में मिली।

बताया जा रहा है कि चेन्नई प्रबंधन अब युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा ध्यान दे रहा है और भविष्य को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। ऐसे में धोनी खुद को टीम से अलग-थलग महसूस कर रहे हैं।

हालांकि सीजन की शुरुआत में धोनी को मांसपेशियों में हल्की परेशानी थी, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक अब वह फिट हैं। इसके बावजूद उन्होंने मैदान से दूरी बनाए रखी। कुछ मुकाबलों में वह टीम के साथ मौजूद रहे, लेकिन मैदान पर नहीं उतरे।

चेन्नई के प्रशंसक अब भी धोनी को पीली जर्सी में देखने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि धोनी अब शांत तरीके से क्रिकेट को अलविदा कहने की तैयारी कर रहे हैं।