शेल्टन ने नकाशिमा को हराकर नेशनल बैंक ओपन खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-08-2026
Shelton successfully defends National Bank Open title, defeating Nakashima
Shelton successfully defends National Bank Open title, defeating Nakashima

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 बेन शेल्टन ने बृहस्पतिवार रात ऑल अमेरिकन फाइनल में ब्रैंडन नकाशिमा को 6-3, 7-6 से हराकर नेशनल बैंक ओपन टेनिस टूर्नामेंट के खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।
 
पांचवीं वरीयता प्राप्त शेल्टन के नाम अब एटीपी टूर में सात खिताब हैं। उन्होंने इस साल डलास, म्यूनिख और स्टुटगार्ट में भी खिताब जीते हैं।
 
उन्होंने पिछले साल टोरंटो में इस कनाडाई टूर्नामेंट का खिताब जीता था।
 
शेल्टन ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया। 2019 में राफेल नडाल के बाद कनाडा में खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाले पहले खिलाड़ी बने 23 वर्षीय बाएं हाथ के इस खिलाड़ी के विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंचने की उम्मीद है।
 
शेल्टन ने पूरे मुकाबले में 142 मील प्रति घंटे की रफ्तार से सर्विस की और एक घंटे 27 मिनट चले मुकाबले में नकाशिमा को एक भी ब्रेक प्वाइंट हासिल नहीं करने दिया।
 
युगल फाइनल में ब्राजील के रफेल मातोस और ऑरलैंडो लूज ने क्रोएशिया के माते पाविच और अल सल्वाडोर के मार्सेलो अरेवालो को 5-7, 6-4, 10-6 से हराया।