मेस्सी के मैच के आयोजन संबंधी प्रस्ताव में ‘खामियों’ की जांच कर रही केरल सरकार: मंत्री जनीश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-08-2026
Kerala government investigating 'flaws' in proposal to host Messi's match: Minister Janish
Kerala government investigating 'flaws' in proposal to host Messi's match: Minister Janish

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरल के मंत्री ओ. जे. जनीश ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य की पिछली सरकार ने लियोनेल मेस्सी के नेतृत्व वाली अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम का मैच कोच्चि में आयोजित करने के प्रस्ताव में उचित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया और इसके पीछे राजनीतिक एवं व्यावसायिक हित थे।
 
राज्य सरकार पिछली सरकार के कार्यकाल में प्रस्तावित मैत्री मैच से जुड़ी कथित प्रक्रियागत खामियों और अनियमितताओं की जांच कर रही है। प्रायोजक के प्रयासों के बावजूद यह मैच आयोजित नहीं हो सका था।
 
जनीश ने कहा कि खेल विभाग ने प्रारंभिक जांच कर आगे की कार्रवाई के लिए अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंप दी है।
 
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चे और प्रायोजक ने इस पहल में किसी भी तरह की अनियमितता से इनकार किया है।
 
खेल मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुख्य मुद्दा यह है कि राज्य सरकार द्वारा प्रायोजक के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करने से पहले उसकी उचित जांच नहीं की गई।
 
उन्होंने कहा, ‘‘इस विवाद की शुरुआत से जुड़ा एक प्रमुख पहलू यह है कि राज्य स्तर पर किए जाने वाले समझौते की किसी भी तरह से जांच नहीं की गई। संबंधित फाइलों में यही सबसे बड़ी अस्पष्टता बनी हुई है।’’
 
जनीश ने कहा कि इस बात को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है कि प्रायोजक का चयन कैसे किया गया, क्या अन्य प्रायोजकों के नाम पर विचार हुआ और क्या उसकी वित्तीय क्षमता का आकलन किया गया।
 
उन्होंने सवाल किया, ‘‘प्रायोजक कौन होना चाहिए? उसकी वित्तीय क्षमता कितनी होनी चाहिए? वह इसके लिए कितनी धनराशि जुटा सकता है? इससे उसे कितना लाभ होगा या कितना नुकसान होगा? नुकसान होने पर उसे कौन वहन करेगा? यदि लाभ होता है तो उसमें किसे हिस्सा मिलेगा?’’