डब्ल्यूपीएल की टीम का भी मालिक बनना चाहता है पंजाब किंग्स

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-05-2026
Punjab Kings also wants to own a WPL team
Punjab Kings also wants to own a WPL team

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) भले ही महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का तत्काल विस्तार नहीं करना चाहता हो, लेकिन आईपीएल टीम पंजाब किंग्स के सह-मालिक मोहित बर्मन का कहना है कि फ्रेंचाइजी चार सत्र पुराने इस टूर्नामेंट में किसी समय एक टीम का मालिक बनना पसंद करेगी।

वर्तमान में डब्ल्यूपीएल में आईपीएल फ्रेंचाइजी के स्वामित्व वाली तीन टीम मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स हैं।
 
बीसीसीआई की मौजूदा पांच टीमों वाली डब्ल्यूपीएल में और टीमें जोड़ने की कोई तत्काल योजना नहीं है, लेकिन बर्मन वैश्विक स्तर पर इस खेल के विकास को लेकर आशान्वित हैं और इसलिए महिला लीग से भी जुड़ना चाहते हैं।
 
पंजाब किंग्स में 48 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले बर्मन ने पीटीआई से कहा, ‘‘डब्ल्यूपीएल ने बहुत कम समय में ही महिला क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में अपनी पहचान बना ली है। महिला क्रिकेट की प्रगति शानदार रही है। हमने शुरू में महिला क्रिकेट में निवेश नहीं किया और इसे अविश्वास के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘व्यक्तिगत रूप से मुझे लगता है कि महिला क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। हम एक महिला आईपीएल टीम (डब्ल्यूपीएल) के मालिक बनना चाहेंगे।’’
 
बर्मन का मानना ​​है कि डब्ल्यूपीएल और भारतीय महिला टीम की हालिया सफलता ने लोगों में काफी रुचि पैदा की है।
 
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पिछले साल पहली बार महिला वनडे विश्व कप जीता था और उसे अगले महीने इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप में भी खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।