एशियन गेम्स में क्रिकेटरों के ठहरने को लेकर PT उषा ने दी सफाई

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 16-09-2026
PT Usha clarifies the issue regarding cricketers' accommodation at the Asian Games.
PT Usha clarifies the issue regarding cricketers' accommodation at the Asian Games.

 

नई दिल्ली

भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा है कि उन्हें जापान में एशियन गेम्स 2026 के लिए ठहरे क्रिकेटरों के आवास को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आइची प्रीफेक्चर और नागोया में होना है।

मीडिया के एक वर्ग में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि एशियन गेम्स के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने से जुड़ी समस्याओं पर एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में चर्चा हुई थी। इस बारे में मंगलवार को नई दिल्ली में जसपाल राणा की किताब के विमोचन कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पीटी उषा ने कहा कि उन्हें खिलाड़ियों की ओर से ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है।

उन्होंने कहा कि क्रिकेटर भी भारतीय दल के अन्य खिलाड़ियों की तरह ही एथलीट हैं और सभी टीम इंडिया का हिस्सा हैं। पीटी उषा ने कहा, “मुझे वहां से कोई शिकायत नहीं मिली है। वे सभी एथलीट हैं, सिर्फ क्रिकेटर नहीं... सभी टीम इंडिया का हिस्सा हैं।”

IOA अध्यक्ष ने कहा कि अगर कोई समस्या सामने आती है तो संघ उसे दूर करने की पूरी कोशिश करेगा। उन्होंने बताया कि एशियन गेम्स में भारतीय दल के Chef de Mission भी मौजूद हैं। इस बार सहदेव यादव को भारतीय दल का Chef de Mission बनाया गया है।

उन्होंने कहा, “हमारी तरफ से हम पूरी कोशिश करेंगे। वहां Chef de Mission भी हैं और उम्मीद है कि समस्या जल्द हल हो जाएगी।”

एशियन गेम्स में भारतीय दल से उम्मीदों के बारे में पूछे जाने पर पीटी उषा ने कहा कि वह खिलाड़ियों पर किसी तरह का दबाव नहीं डालना चाहतीं। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी आत्मविश्वास के साथ खेलों में हिस्सा लेने पहुंचे हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।

पीटी उषा ने कहा कि भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और IOA ने खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने कहा, “मैं अपने खिलाड़ियों पर कोई दबाव नहीं डालना चाहती। मुझे लगता है कि वे सभी आत्मविश्वास के साथ गए हैं। उम्मीद है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। भारत सरकार, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और IOA एक साथ हैं और खिलाड़ियों को उनकी जरूरत की सुविधाएं पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।”

जसपाल राणा को दी श्रद्धांजलि

पीटी उषा ने महान निशानेबाज और कोच जसपाल राणा को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राणा ने खिलाड़ी और कोच, दोनों रूपों में भारतीय खेलों को गौरवान्वित किया।

उन्होंने कहा, “एक शब्द में मैं इसे पूरा नहीं कर सकती। भारतीय खेलों में जसपाल राणा का गौरव... उन्होंने एक एथलीट के रूप में भी भारत को गौरवान्वित किया और एक कोच के रूप में भी।”

प्रसिद्ध निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का इस साल जून में 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।