आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फिट हो चुके भारत के भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग के जरिये प्रतिस्पर्धा में वापसी करेंगे ।
तोक्यो ओलंपिक 2020 चैम्पियन और पेरिस ओलंपिक 2024 के रजत पदक विजेता चोपड़ा ने 2025 विश्व चैम्पियनशिप में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहने के बाद प्रतिस्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया है ।
उनकी प्रबंधन फर्म वेल स्पोटर्स ने इंस्टाग्राम पर लिखा ,‘‘ 2026 का पहला थ्रो दोहा में । नीरज चोपड़ा 19 जून को प्रतियोगिता में वापसी करेंगे ।’’
दोहा डायमंड लीग में भालाफेंक की प्रविष्टियों में चोपड़ा का नाम शामिल है जबकि 12 जून को जारी सूची में उनका नाम नहीं था । उन्होंने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में 90 मीटर का आंकड़ा पारी किया था ।
हरियाणा के 28 वर्ष के चोपड़ा इस समय स्विटजरलैंड के बियेने में अपने फिजियो ईशान मारवाहा और कोच जय चौधरी के साथ 47 दिन के आफ सीजन अभ्यास शिविर में भाग ले रहे हैं ।
आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिये रविवार को घोषित भारतीय एथलेटिक्स टीम में भी चोपड़ा का नाम सशर्त शामिल किया गया है । उन्हें इसके लिये भारतीय एथलेटिक्स महासंघ का 82 . 61 मीटर का क्वालीफिकेशन मार्क हासिल करना होगा ।
अगर वह ग्लास्गो में अगले महीने होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेते हैं तो भारत के तीन भालाफेंक खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे । रोहित यादव और यशवीर भारतीय एथलेटिक्स सीरिज 9 के जरिये क्वालीफाई कर चुके हैं ।