Mohamed Salah is making history for Egypt.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मोहम्मद सालाह के क्लब करियर का भविष्य अभी तय नहीं है, लेकिन वह मिस्र की टीम के साथ नित नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और अपने देश की तरफ से सर्वाधिक गोल करने के करीब पहुंच गए हैं।
सालाह ने रविवार रात न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप में 3-1 की जीत में अपना 68वां अंतरराष्ट्रीय गोल किया जो अब मिस्र के मौजूदा कोच होसाम हसन के करियर रिकॉर्ड से सिर्फ एक गोल कम है।
यह विश्व कप में उनका तीसरा गोल था। इससे पहले उन्होंने 2018 में रूस में खेले गए विश्व कप में दो गोल किए थे। विश्व कप में तीन गोल करने के साथ ही 34 वर्षीय सालाह इस टूर्नामेंट में मिस्र की तरफ से सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
सालाह ने लिवरपूल के लिए नौ सत्र तक खेले, जिसमें उन्होंने दो प्रीमियर लीग खिताब जीते। उन्होंने अब यह क्लब छोड़ दिया है और वह अब किस क्लब से जुड़ेंगे, इसको लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
फिलहाल उनका ध्यान विश्व कप में मिस्र की तरफ से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर टिकी हैं। वह टीम के कप्तान हैं और उनकी अगुवाई में मिस्र ने विश्व कप में अपनी पहली जीत दर्ज की।
सालाह ने कहा, ‘‘आज जो हुआ वह हम मिस्रवासियों के लिए ऐतिहासिक है। हम कई टीमों को मैच जीतते हुए देखते हैं, लेकिन हम मिस्रवासियों के लिए ऐसा अक्सर नहीं होता। मिस्र के फुटबॉल इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है।’’
प्रीमियर लीग में चार बार गोल्डन बूट जीतने वाले इस खिलाड़ी ने 10 मैचों में रिकॉर्ड नौ गोल करके टीम को इस विश्व कप के लिए क्वालीफाई कराने में भी अहम भूमिका निभाई थी।