टेक्सास (अमेरिका)। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने फीफा विश्व कप इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ते हुए जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोजे का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ऑस्ट्रिया के खिलाफ ग्रुप-जे मुकाबले में दो गोल दागकर मेसी ने अर्जेंटीना को 2-0 से जीत दिलाई और विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक मैच जीतने वाले खिलाड़ी बन गए।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, मेसी के नाम अब विश्व कप में 18 जीत दर्ज हो चुकी हैं, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा हासिल की गई सबसे अधिक जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के नाम था, जिन्होंने विश्व कप में 17 जीत हासिल की थीं।
मेसी ने टूर्नामेंट के पहले मैच में अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर क्लोजे के 17 जीत के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। अब ऑस्ट्रिया के खिलाफ जीत के साथ उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
सिर्फ जीत का रिकॉर्ड ही नहीं, मेसी ने गोल करने के मामले में भी नया इतिहास रचा। 24 जून को अपना 39वां जन्मदिन मनाने जा रहे मेसी ने इस मुकाबले में दो गोल दागकर पुरुष विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
मेसी ने मैच के 38वें मिनट में पहला गोल किया, जो विश्व कप में उनका 17वां गोल था। इस गोल के साथ उन्होंने क्लोजे के 16 गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद इंजरी टाइम के 95वें मिनट में उन्होंने अपना दूसरा गोल कर विश्व कप में कुल गोलों की संख्या 18 तक पहुंचा दी। अब वह इस सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद क्लोजे से दो गोल आगे हैं।
इसके अलावा, मेसी पुरुष फीफा विश्व कप इतिहास में ऐसे दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग विश्व कप संस्करणों (2014, 2022 और 2026) में चार या उससे अधिक गोल किए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि केवल मिरोस्लाव क्लोजे ने हासिल की थी।
टूर्नामेंट में अब तक खेले गए दो मुकाबलों में मेसी पांच गोल कर चुके हैं और वह गोल्डन बूट की दौड़ में शीर्ष पर पहुंच गए हैं।
मैच की शुरुआत मेसी के लिए निराशाजनक रही। छठे मिनट में उन्हें वीएआर की मदद से पेनाल्टी मिली, लेकिन वह इसे गोल में नहीं बदल सके। इसके बाद ऑस्ट्रिया ने आक्रामक खेल दिखाया और अर्जेंटीना पर लगातार दबाव बनाए रखा।हालांकि, 38वें मिनट में थियागो अल्माडा की शानदार चालाकी के बाद मेसी को मौका मिला और उन्होंने गेंद को आसानी से गोलपोस्ट में पहुंचाकर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में ऑस्ट्रिया ने बराबरी की भरपूर कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी के सामरिक बदलाव कारगर साबित हुए। जूलियन अल्वारेज़ और निकोलस गोंजालेज़ के मैदान पर आने से टीम को नई ऊर्जा मिली।
मैच के अंतिम क्षणों में जब ऑस्ट्रिया बराबरी के लिए आगे बढ़ा, तब मेसी ने तेज जवाबी हमले में 95वें मिनट में दूसरा गोल कर जीत सुनिश्चित कर दी।मेसी अब लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जैरजिन्हो के लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है।इस जीत के साथ अर्जेंटीना ग्रुप-जे में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है और नॉकआउट चरण में प्रवेश की दिशा में मजबूत स्थिति में है।