कैनसस सिटी (अमेरिका)।
फीफा विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत से पहले अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी और अनुभवी डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी ने कप्तान लियोनेल मेसी की अहमियत को रेखांकित किया है। दोनों का मानना है कि मेसी सिर्फ अर्जेंटीना ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के फुटबॉल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं और टीम की सफलता में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
विश्व कप 2022 में कतर में अर्जेंटीना को चैंपियन बनाने वाले लियोनेल मेसी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। 38 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी के लिए यह संभवतः अंतिम फीफा विश्व कप माना जा रहा है और ऐसे में उनसे लगातार दूसरी बार टीम को खिताब दिलाने की उम्मीद की जा रही है।
अल्जीरिया के खिलाफ पहले मुकाबले से पहले पत्रकारों से बातचीत में मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने कहा कि “सिर्फ अर्जेंटीना ही नहीं, बल्कि दुनिया का हर फुटबॉल प्रेमी मेसी को मैदान पर खेलते हुए देखना चाहता है। हर कोई उन्हें खेलते देखना चाहता है।”
हाल के दिनों में मेसी की फिटनेस को लेकर कुछ सवाल उठे थे। उन्होंने 6 जून को होंडुरास के खिलाफ खेले गए मैत्री मैच में हिस्सा नहीं लिया था, जिसमें अर्जेंटीना ने 2-0 से जीत दर्ज की थी। हालांकि पिछले सप्ताह आइसलैंड के खिलाफ 3-0 की जीत में उन्होंने बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी मैदान पर उतरकर पेनल्टी के जरिए गोल भी किया।
स्कालोनी ने मेसी की फिटनेस को लेकर उठ रही आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि वह हमेशा टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल के समय में थकान और फिटनेस संबंधी चुनौतियों के बावजूद मेसी ने टीम के लिए अपना योगदान लगातार दिया है।
कोच ने कहा, “वह हमेशा हमारे साथ रहे हैं और हमेशा हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण रहे हैं। अब तो उनकी भूमिका और भी ज्यादा अहम है।”
मेसी के लंबे समय से साथी खिलाड़ी और अर्जेंटीना के अनुभवी डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी ने भी उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने मेसी को “फुटबॉल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी” और “प्रतिस्पर्धा का जुनूनी योद्धा” बताया।
ओटामेंडी ने कहा, “हमने उनके साथ कई खूबसूरत पल साझा किए हैं। वह बेहद सरल इंसान हैं, जो प्रशिक्षण शिविर और अभ्यास का आनंद लेते हैं तथा हर मुकाबले की पूरी तैयारी करते हैं। वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो हमेशा जीतने की भूख रखते हैं। उनकी यही मानसिकता पूरी टीम को लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है।”
उन्होंने आगे कहा कि मेसी अपने साथियों को कभी ढीला नहीं पड़ने देते और हर खिलाड़ी को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करते हैं। यही कारण है कि पूरी टीम उन्हें सहयोग देने और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की कोशिश करती है।
अर्जेंटीना अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद टीम 22 जून को ऑस्ट्रिया और 28 जून को जॉर्डन का सामना करेगी। ग्रुप-जे में शामिल अर्जेंटीना यदि इस बार भी खिताब जीतने में सफल रहती है, तो यह उसके इतिहास का चौथा फीफा विश्व कप खिताब होगा।