Messi's visit controversy: Kerala Sports Department submits investigation report to the government
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के खेल विभाग ने पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी और अर्जेंटीना टीम के प्रस्तावित दौरे से जुड़े विवाद की जांच रिपोर्ट सौंप दी है। राज्य के खेल मंत्री ओ जे जनीश ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मंत्री ने पत्रकारों को बताया कि खेल विभाग के विशेष सचिव ने विभाग के पास उपलब्ध फाइलों की जांच के बाद तैयार की गई रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए सरकार को सौंप दिया है।
जनीश ने कहा कि रिपोर्ट गोपनीय है और इसलिए वह इस पर विस्तार से बात नहीं कर सकते हैं। सरकार तमाम पहुलुओं को ध्यान में रखते हुए उचित फैसला लेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘रिपोर्ट गोपनीय है। मैं फिलहाल केवल इतनी ही जानकारी दे सकता हूं। सरकार इस पर उचित फैसला करेगी और और बाद में सभी को इससे सूचित कर दिया जाएगा।’’
मंत्री ने कहा कि मीडिया और फुटबॉल प्रशंसकों के सवालों को ध्यान में रखते हुए विभाग ने जांच शुरू की थी कि पिछली सरकार द्वारा मेस्सी को केरल लाने की घोषणा क्यों साकार नहीं हुई।
यह विवाद पूर्व खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान के कार्यकाल से जुड़ा है, जिन्होंने घोषणा की थी कि मेस्सी और अर्जेंटीना की टीम केरल का दौरा करेगी।
अब्दुरहीमान ने दावा किया था कि उन्होंने प्रस्तावित दौरे के संबंध में स्पेन की यात्रा की थी और अर्जेंटीना के अधिकारियों के साथ बातचीत की थी। एक प्रायोजक ने भी दावा किया था कि उसने मेस्सी को अर्जेंटीना लाने के लिए लगभग 126 करोड़ रुपये खर्च किए थे। लेकिन मेस्सी और अर्जेंटीना की टीम केरल के दौरे पर नहीं आई।