WTC तालिका में भारत छठे स्थान पर खिसका

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-05-2026
India slips to sixth place in WTC table
India slips to sixth place in WTC table

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
बांग्लादेश का पाकिस्तान के खिलाफ अपनी घरेलू धरती पर खेली गई टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से क्लीन स्वीप करने के कारण भारतीय क्रिकेट टीम को नुकसान हुआ है और वह नवीनतम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) रैंकिंग में छठे स्थान पर खिसक गई है।
 
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट मैच में 78 रन से हराया। इससे पहले उसने मीरपुर में पहला टेस्ट मैच 104 रन के बड़े अंतर से जीता था। इससे उसकी टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के डब्ल्यूटीसी तालिका में नवीनतम अपडेट में भारत से आगे निकल गई है।
 
बांग्लादेश के अब चार टेस्ट मैचों में दो जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ 58.33 प्रतिशत अंक हैं, जबकि भारत के नौ टेस्ट मैचों में चार जीत, उतनी ही हार और एक ड्रॉ के साथ 48.15 अंक हैं।
 
पहले दो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम अब एशियाई देशों की रैंकिंग में पाकिस्तान से ऊपर है। शुभमन गिल की अगुवाई वाली इस टीम ने इस साल अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है।
 
भारत अब अफगानिस्तान के खिलाफ छह जून से एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगा लेकिन यह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है।
 
भारतीय टीम को इस साल के आखिर में श्रीलंका और न्यूजीलैंड का दौरा करना है, जहां वह दो-दो टेस्ट मैच खेलेगी। उसे फिर 2027 में अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है।
 
भारत को घरेलू टेस्ट श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि उसने इंग्लैंड में भी दो मैच गंवाए थे। गिल की अगुवाई वाली टीम ने इंग्लैंड में पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 से ड्रॉ की थी।
 
टीम रैंकिंग अंकों से नहीं बल्कि डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में प्रतिशत अंकों के आधार पर तय की जाती है। 2025-2027 चक्र में बांग्लादेश के 28 अंक हैं जबकि भारत के 52 अंक हैं।