India is a strong contender for the T20 World Cup due to its superior spin attack: Reema Malhotra
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रीमा मल्होत्रा का मानना है कि शानदार स्पिन गेंदबाजों की मौजूदगी के कारण भारतीय महिला क्रिकेट टीम आगामी टी20 विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार है।
उन्होंने कहा टीम एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज होने के साथ किसी एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं है।
विश्व कप का आयोजन 12 जून से इंग्लैंड में होगा। इसका फाइनल पांच जुलाई को खेला जायेगा
रीमा ने रायपुर से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘एकदिवसीय विश्व कप जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। पहले टीम को यह साबित करना था कि वह बड़े मंच पर जीत सकती है, लेकिन अब खिलाड़ियों को भरोसा है कि वे किसी भी परिस्थिति और किसी भी प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।’’
देश के लिए 41 वनडे और 22 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी इस पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी ने कहा कि इंग्लैंड की मौजूदा परिस्थितियों में स्पिनरों की भूमिका काफी अहम होगी और भारतीय टीम के पास इस विभाग में कई विकल्प मौजूद हैं।
रीमा ने कहा, ‘‘दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, श्री चरणी जैसी स्पिनरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। शेफाली वर्मा के पास भी विकेट चटकाने की क्षमता है। गर्मी के कारण परिस्थितियां स्पिनरों के अनुकूल होंगी और अगर भारतीय स्पिन आक्रमण प्रभावी रहा तो टीम ट्रॉफी जीतने की क्षमता रखती है।’’
उन्होंने तेज गेंदबाजी में अनुभव की कमी को ज्यादा तवज्जो नहीं दी।
रेणुका सिंह ठाकुर (63 टी20 अंतरराष्ट्रीय) अनुभवी तेज गेंदबाज हैं, लेकिन क्रांति गौड़ को 11 और नंदिनी शर्मा को सिर्फ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव है।
टीम के तेज गेंदबाजी विभाग को लेकर उठ रहे सवालों पर रीमा ने कहा, ‘‘रेणुका के पास अनुभव है और क्रांति गौड़ लगातार शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेल रही हैं। अनुभव खेलने से ही आता है। अनुभवी खिलाड़ी युवा गेंदबाजों का मार्गदर्शन कर सकते हैं।’’