मलिक असगर हाशमी/नई दिल्ली
इंडियन आइडल 10 के विजेता और देश के चर्चित युवा गायक सलमान अली ने अपने भविष्य को लेकर एक ऐसा संकेत दिया है, जिसने उनके लाखों प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। हरियाणा के मेवात क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले सलमान अली ने खुलासा किया है कि वह आने वाले समय में गायकी की दुनिया को अलविदा कह सकते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने यह फैसला सोच समझकर लिया है और एक समय के बाद वह अपना जीवन अल्लाह की इबादत में बिताना चाहते हैं।
हाल ही में एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सलमान अली ने अपने जीवन से जुड़ा यह बड़ा फैसला साझा किया। उन्होंने बताया कि हज 2026 से लौटने के बाद उनके बड़े भाई ने गायकी छोड़ने का निर्णय लिया है। सलमान खुद भी इस वर्ष हज यात्रा में शामिल हुए थे। हज से लौटने के बाद उनके जीवन में भी आध्यात्मिक बदलाव आया है और अब वह भी भविष्य में गायकी छोड़ने का इरादा रखते हैं।

सलमान अली ने कहा कि फिलहाल वह तुरंत यह कदम नहीं उठाने जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके भाई की तरह हज से लौटते ही वह गायकी नहीं छोड़ेंगे। हालांकि उनका मन अब धीरे धीरे इस पेशे से अलग होने की ओर बढ़ रहा है। उनका कहना है कि एक समय ऐसा आएगा जब वह संगीत की दुनिया से दूरी बनाकर अल्लाह की राह में अधिक समय देना पसंद करेंगे।
पॉडकास्ट के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या इस्लाम में गायकी को लेकर मौजूद धार्मिक विचारों के कारण वह यह फैसला ले रहे हैं। इस पर सलमान अली ने बेहद सहज अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हराम कही जाने वाली बहुत सी चीजें हैं, लेकिन हर व्यक्ति हर बात पर पूरी तरह अमल नहीं कर पाता। इसके बाद उन्होंने कहा कि वह काफी समय से गायकी कर रहे हैं और अब उन्हें महसूस होता है कि जीवन का एक हिस्सा इबादत और आध्यात्मिकता को भी समर्पित होना चाहिए।
सलमान अली का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह केवल एक सफल गायक ही नहीं बल्कि नई पीढ़ी के सबसे लोकप्रिय सिंगर्स में गिने जाते हैं। सोशल मीडिया पर उनके लाखों प्रशंसक हैं। देश और विदेश में उनके लाइव शो होते हैं। कई फिल्मों में उन्होंने अपनी आवाज दी है और टीवी के बड़े मंचों पर वह लगातार दिखाई देते रहे हैं।
मेवात के पुन्हाना कस्बे की एक साधारण गली से निकलकर राष्ट्रीय पहचान बनाने तक का उनका सफर प्रेरणादायक माना जाता है। उनका जन्म 14 जनवरी 1998 को हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना में हुआ था। संगीत उनके परिवार की विरासत का हिस्सा रहा है। उनके परिवार की कई पीढ़ियां पारंपरिक गायन से जुड़ी रही हैं। बचपन से ही उन्हें संगीत का माहौल मिला और उन्होंने कम उम्र में ही मंच पर गाना शुरू कर दिया था।

सलमान अली पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर तब चर्चा में आए जब उन्होंने वर्ष 2011 में सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स में हिस्सा लिया। उस प्रतियोगिता में वह रनर अप रहे थे। हालांकि असली पहचान उन्हें 2018 में मिली जब उन्होंने इंडियन आइडल सीजन 10 का खिताब अपने नाम किया। उनकी दमदार आवाज, ऊंचे सुरों पर पकड़ और सूफियाना अंदाज ने दर्शकों और जजों को प्रभावित किया।
इंडियन आइडल जीतने के बाद सलमान अली का करियर तेजी से आगे बढ़ा। उन्होंने बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगर के रूप में अपनी शुरुआत की। फिल्म सुई धागा के गीत 'सब बढ़िया है' में उनकी आवाज सुनाई दी। इसके बाद फिल्म सैटेलाइट शंकर का गीत 'जय हे' और दबंग 3 का लोकप्रिय गीत 'आवारा' भी उन्होंने गाया। इन गीतों ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई।
Singer Salman Ali was spotted at Juhu 📸🫶🏼#salmanali #singer #spotted #juhu #fanmoment #fan #viralvideo #viralpost #BollyTadka24 pic.twitter.com/F9pux1RHli
— Bolly Tadka24 (@bollytadka24) April 1, 2024
फिल्मों के अलावा उन्होंने कई स्वतंत्र गीतों और म्यूजिक एल्बमों में भी अपनी आवाज दी। मशहूर संगीतकार हिमेश रेशमिया के साथ उनका लंबा जुड़ाव रहा है। 'प्यार तुमसे', 'आशिकी का गम', 'बस तुम मेरे पास रहो', 'तेरा आना', 'तेरा मेरा रिश्ता' और 'सांसों में' जैसे गीतों को श्रोताओं ने खूब पसंद किया।
टेलीविजन की दुनिया में भी सलमान अली लगातार सक्रिय रहे हैं। इंडियन आइडल जीतने के बाद वह सुपरस्टार सिंगर में कप्तान और मेंटर की भूमिका निभाते नजर आए। उनकी मौजूदगी ने युवा प्रतिभाओं को प्रेरित किया। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भी संगीत प्रेमियों के बीच उनका नाम बड़े सम्मान से लिया जाता है।
धार्मिक जीवन के प्रति उनका झुकाव पहले भी कई बार चर्चा में रहा है। सोशल मीडिया पर उनके रोजा, नमाज और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की तस्वीरें और वीडियो सामने आते रहे हैं। तबलीगी जमात के आयोजनों में भी उनकी मौजूदगी को लेकर चर्चा होती रही है। ऐसे में हज यात्रा के बाद उनके इस बयान ने लोगों का ध्यान और अधिक आकर्षित किया है।
भारतीय मनोरंजन जगत में यह पहला अवसर नहीं है जब किसी कलाकार ने धार्मिक कारणों या आध्यात्मिक जीवन की ओर झुकाव के चलते अपना पेशा छोड़ने का फैसला किया हो। इससे पहले अभिनेत्री सना खान समेत कई कलाकार फिल्म और मनोरंजन जगत से दूरी बनाकर धार्मिक जीवन को अपनाने का निर्णय ले चुके हैं।

फिलहाल सलमान अली ने गायकी छोड़ने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है। वह अभी भी अपने संगीत करियर में सक्रिय हैं। लेकिन उनके हालिया बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में वह अपनी प्राथमिकताओं को बदल सकते हैं। उनके प्रशंसक जहां इस खबर से भावुक हैं, वहीं कई लोग उनके फैसले का सम्मान भी कर रहे हैं।
मेवात से निकलकर देश के सबसे चर्चित गायकों में जगह बनाने वाले सलमान अली का यह फैसला आने वाले समय में संगीत जगत की सबसे बड़ी चर्चाओं में शामिल हो सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि वह अपने इस संकल्प को कब और किस रूप में अमल में लाते हैं।