नई दिल्ली
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मई 2026 के लिए विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के लिए तीन खिलाड़ियों के नामों की घोषणा कर दी है। इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज गुल फिरोज़ा, इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल और न्यूजीलैंड की अनुभवी बल्लेबाज मैडी ग्रीन को उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर नामांकित किया गया है।
गुल फिरोज़ा ने बल्ले से मचाया धमाल
पाकिस्तान की ओपनर गुल फिरोज़ा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन मैचों में 256 रन बनाए और उनका औसत 128.00 रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 103.64 दर्ज किया गया।
सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि अगले दो मैचों में लगातार 100 रन और नाबाद 106 रन की शतकीय पारियां खेलीं। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को 3-0 से क्लीन स्वीप किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया।
गुल फिरोज़ा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भी प्रभाव छोड़ा। उन्होंने चार मैचों में 82 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 157.69 रहा। जिम्बाब्वे के खिलाफ 19 गेंदों में 37 रन और आयरलैंड के खिलाफ 15 गेंदों पर 32 रन की तेजतर्रार पारियां उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रमाण बनीं।
लॉरेन बेल की घातक गेंदबाजी
इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल ने मई महीने में वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों में शानदार गेंदबाजी की। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में वह इंग्लैंड की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। पहले वनडे में उन्होंने 2 विकेट देकर 38 रन और तीसरे मुकाबले में 3 विकेट देकर 20 रन हासिल किए।
दो मैचों में उन्होंने कुल 5 विकेट लिए, जहां उनका औसत 13.40 और इकॉनमी रेट 4.36 रहा। इसके बाद न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में भी उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी और चार मैचों में 8 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 14.00 और इकॉनमी 7.00 रही।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में 2/23 और भारत के खिलाफ चेल्म्सफोर्ड में पहले टी20 मुकाबले में 3/34 का शानदार प्रदर्शन उनकी बढ़ती अहमियत को दर्शाता है। आगामी ICC महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले उनकी यह फॉर्म इंग्लैंड के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
मैडी ग्रीन ने दिखाई निरंतरता
न्यूजीलैंड की बल्लेबाज मैडी ग्रीन ने इंग्लैंड दौरे पर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वनडे सीरीज में उन्होंने दो पारियों में 125 रन बनाए और उनका औसत 62.50 रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 83.33 दर्ज किया गया।पहले वनडे में उन्होंने 107 गेंदों पर 88 रन की संयमित पारी खेली, जबकि तीसरे मुकाबले में 43 गेंदों पर 37 रन बनाए। उनके शानदार योगदान के लिए उन्हें भी प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
टी20 सीरीज में भी मैडी ग्रीन ने तीन मैचों में 93 रन बनाए। उनका औसत 46.50 और स्ट्राइक रेट 98.93 रहा। दूसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने 48 गेंदों पर नाबाद 56 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूती प्रदान की।अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर ICC के फैसले पर होगी कि मई 2026 का विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार इन तीन उत्कृष्ट खिलाड़ियों में से किसे मिलता है।