होप का आकर्षक अर्धशतक, वेस्टइंडीज के छह विकेट पर 165 रन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-02-2026
Hope's impressive half-century takes West Indies to 165 for six
Hope's impressive half-century takes West Indies to 165 for six

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कप्तान शाई होप के आकर्षक अर्धशतक के बावजूद वेस्टइंडीज पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद इटली के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के अपने अंतिम लीग मैच में गुरुवार को यहां छह विकेट पर 165 रन ही बना पाया।
 
होप ने 46 गेंद पर 75 रन बनाए जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल हैं। उनके अलावा रोस्टन चेज (25 गेंद पर 24), शेरफेन रदरफोर्ड (15 गेंद पर नाबाद 24) और मैथ्यू फोर्डे (आठ गेंद पर नाबाद 16) ही कुछ उपयोगी योगदान दे पाये।
 
पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थी लेकिन इटली के स्पिनरों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए दो बार के चैंपियन वेस्टइंडीज को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया। इटली की तरफ से बेन मनेंटी (37 रन देकर दो) और कृशान कालुगामगे (25 रन देकर दो) ने दो दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज को अंतिम ओवरों में अपेक्षित तेजी से रन नहीं बनाने दिए।
 
अगर ग्रांट स्टीवर्ट ने 19वें ओवर में 19 रन नहीं लुटाए होते तो वेस्टइंडीज की स्थिति और भी खराब हो सकती थी।
 
होप ने सहजता से बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, लेकिन रोस्टन चेज़ की धीमी पारी ने उनकी लय को बिगाड़ दिया। इसका वेस्टइंडीज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। होप ने भले ही कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन चेज स्ट्राइक रोटेट करने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे और डीप स्क्वायर लेग में कैच देकर पवेलियन लौटे।
 
इसके बाद रोवमैन पॉवेल (09) भी जल्दी आउट हो गए। इस तरह से अनुभवी ऑफ स्पिनर मैनेंटी और श्रीलंका मूल के लेग स्पिनर कालुगामगे ने इटली के पक्ष में पासा पलट दिया।