अब तक विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं हैरी केन : बाईचुंग भूटिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-07-2026
Harry Kane has been the best player in the World Cup so far: Bhaichung Bhutia
Harry Kane has been the best player in the World Cup so far: Bhaichung Bhutia

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत के पूर्व कप्तान बाईचुंग भूटिया का मानना है कि इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन इस बार फीफा विश्व कप में अब तक सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं और अपनी इंटीम की जीत में उनका योगदान अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी और फ्रांस के काइलियान एमबाप्पे से अधिक है ।

इंग्लैंड ग्रुप एल में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ शीर्ष पर रहा । इसके बाद कांगो को 2 . 1 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई ।
 
केन ने इंग्लैंड के आठ में से पांच गोल किये हैं । वह इस बार टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में मेस्सी (आठ) और एमबाप्पे (सात) के बाद तीसरे स्थान पर है ।
 
भूटिया ने पीटीआई से कहा ,‘‘ मेरे हिसाब से हैरी केन सबसे प्रभावी रहे हैं । उन्होंने अपने दम पर इंग्लैंड को यहां तक पहुंचाया और जरूरत के समय गोल किये । उन्हें कई बड़े और कठिन मैच खेलने पड़े जिनमें हैरी केन ने अच्छा प्रदर्शन किया ।’’
 
उन्होंने कहा ,‘‘एमबाप्पे ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है और मेस्सी ने भी । लेकिन जब पूरी टीम का दारोमदार एक खिलाड़ी द्वारा उठाने की बात है तो केन इसमें आगे हैं ।’’
 
भूटिया ने यह भी कहा कि केन टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का ‘गोल्डन बॉल’ या सबसे ज्यादा गोल का ‘गोल्डन बूट’ पुरस्कार जीत सकते हैं ।
 
उन्होंने कहा ,‘‘इस पर निर्भर करेगा कि टीम कहां तक जाती है । इंग्लैंड फाइनल खेलता है तो निश्चित तौर पर केन । फ्रांस पहुंचता है तो एमबाप्पे । केन और एमबाप्पे में से ही कोई होगा । मेस्सी को अभी तक कठिन मुकाबले नहीं मिले हैं । अब अंतिम 16 के आगे अर्जेंटीना को चुनौती मिलेगी ।’’
 
जी 5 में विशेषज्ञों की पैनल के सदस्य भूटिया ने फ्रांस, अर्जेंटीना, स्पेन और इंग्लैंड को अब तक शीर्ष चार टीमें बताया ।
 
उन्होंने कहा ,‘‘ अब तक जिन चार टीमों ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है, उनमें फ्रांस, स्पेन, अर्जेंटीना और इंग्लैंड हैं । फ्रांस सबसे आक्रामक फुटबॉल खेल रहा है । अगर एक टीम चुननी हो तो वह फ्रांस है ।’