फीफा विश्व कप 2026: अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना ने केप वर्डे को 3-2 से हराया

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 04-07-2026
FIFA World Cup 2026: Argentina defeated Cape Verde 3-2 in extra time, advancing to the next round after a thrilling match.
FIFA World Cup 2026: Argentina defeated Cape Verde 3-2 in extra time, advancing to the next round after a thrilling match.

 

मियामी (अमेरिका)

फीफा विश्व कप 2026 में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने एक बेहद रोमांचक मुकाबले में पदार्पण कर रही केप वर्डे की टीम को अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) में 3-2 से हराकर अगले दौर में जगह बना ली। मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में केप वर्डे ने अपनी शानदार चुनौती से अर्जेंटीना को अंत तक कड़ी टक्कर दी और फुटबॉल प्रेमियों का दिल जीत लिया।

विश्व कप के नॉकआउट चरण में पहली बार पहुंची केप वर्डे की टीम ने शुरुआत से ही आत्मविश्वास के साथ खेल दिखाया। मैच के शुरुआती मिनटों में रयान मेंडेस ने अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज की परीक्षा ली, लेकिन इसके बाद लियोनेल मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना ने खेल पर धीरे-धीरे नियंत्रण बना लिया।

अर्जेंटीना को 29वें मिनट में बढ़त मिली। लिसांद्रो मार्टिनेज के सटीक पास पर कप्तान लियोनेल मेसी ने शानदार नियंत्रण दिखाते हुए गेंद को जोरदार शॉट के साथ जाल में पहुंचा दिया। यह टूर्नामेंट में मेसी का सातवां गोल था, जिसके साथ वह गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे पहुंच गए। पहले हाफ की समाप्ति तक अर्जेंटीना 1-0 से आगे रहा।

दूसरे हाफ में केप वर्डे ने दमदार वापसी की। लगभग एक घंटे के खेल के बाद रयान मेंडेस ने डेरॉय डुआर्टे को शानदार पास दिया, जिसे उन्होंने निचले कोने में सटीक शॉट लगाकर गोल में बदल दिया। यह फीफा विश्व कप के नॉकआउट चरण में केप वर्डे का पहला गोल था और इसके साथ स्कोर 1-1 से बराबर हो गया।

इसके बाद अर्जेंटीना ने लगातार आक्रमण किए, लेकिन केप वर्डे के अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा ने कई शानदार बचाव किए। उन्होंने मेसी के नजदीकी शॉट और एक खतरनाक फ्री-किक को भी गोल में जाने से रोक दिया। निर्धारित 90 मिनट में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंच गया।

एक्स्ट्रा टाइम की शुरुआत में ही अर्जेंटीना ने फिर बढ़त हासिल कर ली। इस बार लिसांद्रो मार्टिनेज ने कॉर्नर किक पर मिले अवसर को शानदार वॉली के जरिए गोल में बदलकर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई।

हालांकि, केप वर्डे ने हार नहीं मानी। सिडनी लोप्स काब्राल ने बेहद कठिन कोण से शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर स्कोर 2-2 कर दिया और एक बार फिर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।

निर्णायक गोल अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में आया। लियोनेल मेसी की कॉर्नर किक पर क्रिस्टियन रोमेरो ने जोरदार हेडर लगाया। गेंद डिने बोर्गेस से हल्की टकराने के बाद गोललाइन पार कर गई और अर्जेंटीना ने 3-2 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।

मैच के अंतिम क्षणों में केप वर्डे के पास बराबरी का मौका था, लेकिन एमिलियानो मार्टिनेज ने सिडनी लोप्स काब्राल की तेज फ्री-किक पर शानदार बचाव कर अर्जेंटीना की जीत सुनिश्चित कर दी।

इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला मिस्र से होगा। वहीं, विश्व कप में पहली बार खेलने वाली केप वर्डे की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, लेकिन अपने निडर खेल और शानदार प्रदर्शन से उसने दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया।