आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने कहा कि पिछले तीन महीनों में सीनियर तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ गेंदबाजी करने से उन्हें सही लेंथ से गेंदबाजी करने में मदद मिली है और अब उनका लक्ष्य सभी प्रारूपों में खेलना है।
गुरनूर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की अच्छी शुरुआत की है। उन्होंने छह वनडे में 11 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट लगभग सात के आसपास है।
लेकिन इस 26 वर्षीय खिलाड़ी का मानना है कि अफगानिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान उन्हें लेंथ को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिली जिससे उन्हें फायदा हो रहा है।
गुरनूर ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘रणजी ट्रॉफी और भारत ए की तरफ से अच्छे प्रदर्शन के कारण मेरा चयन भारतीय टीम में हुआ। लेकिन मैं अपनी गेंदबाजी की लेंथ और उसमें निरंतरता बनाए रखने तथा किस विकेट पर किस बल्लेबाज को कैसी गेंदबाजी करनी है, इस बारे में और अधिक सीखना चाहता था। यही मेरा लक्ष्य था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘शुरू से ही मेरा एक ही लक्ष्य रहा है। मुझे अपने शरीर को इस तरह से तैयार करना है कि चाहे मैं कितने भी ओवर करूं, इससे मेरे शरीर पर किसी तरह का असर नहीं पड़े और मैं अपने खेल का भरपूर आनंद लूं।’’