Gurnoor's four-wicket haul helps India bundle out New Zealand for 134.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
चार विकेट लेने वाले गुरनूर बराड़ की अगुवाई में अपने अनुभवहीन तेज आक्रमण के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत ने शनिवार को दूसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में न्यूजीलैंड को 41 ओवर में 134 रन पर समेट दिया ।
आकिब नबी ने सात ओवर में 31 रन देकर दो विकेट लिये जबकि अंशुल कम्बोज ने आठ ओवर में 25 रन देकर दो विकेट चटकाये । वहीं बराड़ ने दस ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये जो उनके कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है । उन्होंने शॉर्ट गेंदों का बखूबी इस्तेमाल करके मेजबान मध्यक्रम की कमर तोड़ दी ।
अर्शदीप सिंह ने सात ओवर में 16 रन दिये लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिली । उन्होंने हालांकि बेहद अनुशासित और सटीक गेंदबाजी करके दबाव बनाया ।
भारतीय गेंदबाजों ने 176 डॉट गेंदें फेंकी ।
इससे पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का सही फैसला लिया । बारिश और मौसम को देखते हुए मैच प्रति टीम 47 ओवर का कर दिया गया था ।
नबी ने सबसे पहले टिम सीफर्ट (0) का विकेट लिया । मिडविकेट पर खड़े कम्बोज ने सामने की ओर डाइव लगाकर कैच पकड़ा और नबी को उनका पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट दिलाया।
विल यंग ने 17 गेंद में छह रन बनाये और वह जूझते ही नजर आये । आफ स्टम्प पर पड़ती गेंद पर बल्ला अड़ाकर वह विकेट के पीछे केएल राहुल को कैच देकर लौटे ।