दिवाली पर पत्नी और बच्चों के साथ पीएम मोदी से मिले सूर्यकुमार यादव

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 06-11-2026
Suryakumar Yadav met PM Modi along with his wife and children on Diwali.
Suryakumar Yadav met PM Modi along with his wife and children on Diwali.

 

नई दिल्ली

: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ प्रधानमंत्री आवास पहुंचे और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। उन्होंने परिवार का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से दीपावली का माहौल और भी पावन एवं दिव्य हो गया।

प्रधानमंत्री ने हिंदी में संदेश साझा करते हुए लिखा, "दीपावली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दीपावली का वातावरण और भी पावन और दिव्य हो गया है।"

सूर्यकुमार यादव ने भी प्रधानमंत्री के आतिथ्य के लिए उनका आभार जताया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री और भारतीय क्रिकेटर की इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गईं। क्रिकेट प्रशंसकों ने भी इस पारिवारिक मुलाकात का स्वागत किया।

भारत में खेलों के बदलते माहौल की सराहना कर चुके हैं सूर्यकुमार

सूर्यकुमार यादव इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलों को बढ़ावा देने की पहल की सराहना कर चुके हैं। इस साल आईएएनएस को दिए एक विशेष इंटरव्यू में 35 वर्षीय क्रिकेटर ने कहा था कि देश में खेलों के बुनियादी ढांचे, खिलाड़ियों के लिए अवसरों और खेलों के प्रति लोगों की सोच में बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा था, "हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भारत को खेलों की महाशक्ति बनाने की बात मजबूती और स्पष्टता से कही है। अगर आप बदलाव देखें तो यह बहुत बड़ा है और जमीन पर साफ दिखाई देता है।"

अपने शुरुआती क्रिकेट करियर को याद करते हुए सूर्यकुमार ने कहा था कि उस समय खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे की कमी के कारण युवा खिलाड़ियों के लिए अवसर भी सीमित थे।

क्रिकेट के बाद बेसबॉल से भी जुड़ाव

सूर्यकुमार यादव ने पिछले महीने एक नई खेल भूमिका भी निभाई। उन्हें एमएलबी इंडिया का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। इस जुड़ाव के तहत उन्होंने मुंबई में मेजर लीग बेसबॉल के पहले एमएलबीएक्स मुंबई 3-ऑन-3 बेसबॉल आयोजन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट बैट की जगह बेसबॉल बैट थामकर इस खेल के प्रति अपनी रुचि जाहिर की।