नई दिल्ली:
भारतीय महिला क्रिकेट की उभरती स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने भारतीय महिला सीनियर टी20 ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए आंध्र प्रदेश के खिलाफ लगातार चार गेंदों पर चार विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। वैष्णवी ने मुकाबले में चार ओवर में 22 रन देकर कुल छह विकेट झटके।
20 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी ने अपने शुरुआती तीन ओवरों में 16 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे। इसके बाद पारी के 19वें ओवर में उन्हें दोबारा गेंदबाजी का मौका मिला। ओवर की शुरुआत में उन्होंने छह रन खर्च किए, लेकिन इसके बाद उनका जलवा देखने को मिला। उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की और ओवर की आखिरी गेंद पर चौथा विकेट झटक लिया।
लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने की उपलब्धि क्रिकेट में बेहद दुर्लभ मानी जाती है। इससे पहले हुमैरा काजीर ने 2022 में मुंबई की ओर से सौराष्ट्र के खिलाफ यह कारनामा किया था। वैष्णवी इस उपलब्धि को हासिल करने वाली दूसरी गेंदबाज बन गई हैं।
वैष्णवी पिछले कुछ समय से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद उन्होंने भारत के लिए पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पांच विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 6.26 रन प्रति ओवर रहा। पिछले महीने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के दो मुकाबलों में भी उन्होंने नौ विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
वैष्णवी के नाम महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप में भी ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज है। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली पहली गेंदबाज बनी थीं। 2025 में मलेशिया के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में महज पांच रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे। पूरे टूर्नामेंट में 17 विकेट लेकर वह सबसे सफल गेंदबाज भी रही थीं।
घरेलू क्रिकेट में भी वैष्णवी का प्रदर्शन असाधारण रहा है। 2024-25 सीनियर महिला मल्टी-डे चैलेंजर ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने एक पारी में 50 रन देकर आठ विकेट झटके थे। वहीं पूरे मैच में 128 रन देकर 14 विकेट हासिल किए थे। इस तरह एक पारी और एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है।
महज 20 साल की उम्र में लगातार रिकॉर्ड बना रहीं वैष्णवी शर्मा भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर उभरी हैं।