सात नवंबर : नोबेल पुरस्कार से सम्मानित पहले एशियाई वैज्ञानिक सी वी रमन का जन्मदिन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-11-2026
November 7: Birthday of C.V. Raman, the first Asian scientist to be awarded the Nobel Prize
November 7: Birthday of C.V. Raman, the first Asian scientist to be awarded the Nobel Prize

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 इतिहास के पन्नों में सात नवंबर की तारीख भारत के एक महान वैज्ञानिक के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है। विज्ञान के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित होने वाले पहले एशियाई वैज्ञानिक सर चंद्रशेखर वेंकटरमन का जन्म 7 नवंबर, 1888 को तमिलनाडु के तिरूचिरापल्ली में हुआ था। प्रकाश परावर्तन के क्षेत्र में उनकी खोज के लिए रमन को 1930 में भौतिक शास्त्र के नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया था।

सी वी रमन ने जिस समय अपनी यह अद्भुत खोज की वह आजादी से पहले का कठिनाइयों से भरा दौर था और प्रयोग करने के लिए आधुनिक यंत्रों और प्रयोगशालाओं का नितांत अभाव था, लेकिन तमाम मुश्किलों के बावजूद विज्ञान के प्रति रमन का रुझान उन्हें विश्व के शीर्ष सम्मान तक ले गया।
 
देश-दुनिया के इतिहास में सात नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है :-
 
 
1858 : अंग्रेजों के खिलाफ लोहा लेने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी बिपिन चंद्र पाल का जन्म। लाला लाजपत राय और बाल गंगाधर तिलक के साथ उनकी तिकड़ी को ‘लाल बाल पाल’ के नाम से पुकारा गया।
 
1862 : अंतिम मुगल बादशाह बहादुरशाह जफर का निधन। ब्रिटिश हुकूमत ने उन्हें स्वतंत्रता सेनानियों का साथ देने पर रंगून (अब म्यांमा) निर्वासित कर दिया था, जहां ब्रिटिश हुकूमत की हिरासत में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
 
1867 : रेडियोधर्मिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण खोज के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मैरी क्यूरी का जन्म। वह नोबेल पुरस्कार से सम्मानित पहली महिला थीं। वह पहली ऐसी शख्सियत और एकमात्र महिला थीं, जिन्हें दो बार नोबेल पुरस्कार मिला। उन्हें रसायन विज्ञान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान के लिए नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था।
 
1888 : भारत के महान भौतिक शास्त्री सी वी रमन का जन्म। उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
 
1996 : नासा ने मंगल ग्रह का लंबे समय तक अध्ययन करने के लिए रोबोटिक अंतरिक्ष यान मार्स ग्लोबल सर्वेयर को अंतरिक्ष में भेजा।
 
1998 : दुनिया के सबसे बुजुर्ग अंतरिक्ष यात्री अमेरिका के सीनेटर जॉन ग्लेन अपनी ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा को सफलतापूर्वक पूरा कर धरती पर वापस लौटे। अधिक उम्र में अंतरिक्ष यात्रा के शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव का पता लगाने के लिए उन्हें 77 वर्ष की आयु में नासा द्वारा अंतरिक्ष में भेजा गया था।
 
2003 : अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने देश में गर्भपात पर रोक सम्बन्धी विधेयक पर हस्ताक्षर किए।
 
2020 : जर्मनी में कोरोना वायरस संक्रमण के एक ही दिन में सर्वाधिक 23,300 नए मामले।
 
2021 : ड्रोन हमले में बाल-बाल बचे इराक के प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदीमी, सात सुरक्षाकर्मी घायल।
 
2023 : ब्रिटेन की राजगद्दी संभालने के बाद महाराजा चार्ल्स तृतीय ने राष्ट्राध्यक्ष के तौर पर संसद को संबोधित किया।
 
2024 : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया एक पैसे टूटकर 84.32 प्रति डॉलर के अपने नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ।
 
2025 : दिल्ली हवाई अड्डे पर हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में तकनीकी खामी के कारण लगभग 300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें विलंबित हुईं, जिससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।