फुटबॉल विश्व कप अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। क्वार्टर फाइनल के कड़े मुकाबलों के बाद अब दुनिया की चार सबसे बड़ी फुटबॉल टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। यह चारों टीमें फीफा विश्व रैंकिंग में भी टॉप पर हैं। पहला सेमीफाइनल फ्रांस और स्पेन के बीच डलास में खेला जाएगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। इस बड़े मुकाबले से पहले सभी टीमों के स्टार खिलाड़ियों ने मीडिया से बात की है। खिलाड़ियों के बयानों से साफ है कि कोई भी टीम पीछे हटने को तैयार नहीं है।
लियोनेल मेस्सी और जूलियन अल्वारेज़ ने अर्जेंटीना की जीत का भरोसा जताया है। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी अब 39 साल के हो चुके हैं। मेस्सी अपने पूरे करियर में पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे। मेस्सी ने कहा कि यह मैच उनके लिए बहुत खास है। उन्होंने इंग्लैंड को एक विश्व स्तरीय टीम बताया। मेस्सी ने कहा कि विश्व कप के सेमीफाइनल में ऐसी टीम के खिलाफ खेलना बेहद रोमांचक होगा।

दूसरी तरफ अर्जेंटीना के फॉरवर्ड खिलाड़ी जूलियन अल्वारेज़ का आत्मविश्वास भी सातवें आसमान पर है। अल्वारेज़ ने क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड के खिलाफ एक्स्ट्रा टाइम में एक बेहतरीन लॉन्ग-रेंज गोल दागा था। इसी गोल की बदौलत अर्जेंटीना सेमीफाइनल में पहुंची है।
अल्वारेज़ ने कहा कि टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ वह अपनी पुरानी लय में लौट रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सेमीफाइनल में वह इससे भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। अल्वारेज़ के मुताबिक टीम की जीत सबसे ज्यादा जरूरी है लेकिन एक स्ट्राइकर के तौर पर गोल करना हमेशा अच्छा अहसास देता है।
इंग्लैंड की टीम भी इस बार इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम के कप्तान हैरी केन इस बार ट्रॉफी जीतकर इंग्लैंड को एक नए मुकाम पर ले जाना चाहते हैं। हैरी केन ने कहा कि यह इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए एक बहुत ही सफल दौर है। अब टीम अपना आखिरी और सबसे बड़ा कदम उठाना चाहती है। केन ने कहा कि पिछले छह हफ्तों से टीम का हर खिलाड़ी देश की जर्सी की गरिमा के लिए अपना सब कुछ झोंक रहा है।

इंग्लैंड के युवा स्टार जूड बेलिंघम भी इस विश्व कप में टीम के लिए संकटमोचक बनकर उभरे हैं। बेलिंघम अपने इस शानदार प्रदर्शन से बेहद खुश हैं। बेलिंघम ने कहा कि जो कुछ भी हो रहा है वह उनकी कल्पना से बिल्कुल परे है।
वह एक आत्मविश्वासी खिलाड़ी हैं लेकिन उन्होंने कभी ऐसे शानदार मैचों की उम्मीद नहीं की थी। बेलिंघम ने कहा कि उन्हें टीम की जीत में योगदान देकर अच्छा लग रहा है। उन्हें इस बात पर गर्व है कि मुश्किल हालातों में भी इंग्लैंड के खिलाड़ी डटकर मुकाबला करते हैं।
फ्रांस के कप्तान किलियन म्बाप्पे लगातार तीसरी बार अपनी टीम को फाइनल में ले जाने के लिए बेताब हैं। म्बाप्पे ने विरोधी टीमों को साफ शब्दों में चेतावनी दी है। म्बाप्पे ने कहा कि जब तक फ्रांस की टीम विश्व कप की ट्रॉफी नहीं जीत लेती तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। चैंपियन बनने से पहले वे ढिलाई बरतने के मूड में बिल्कुल नहीं हैं। म्बाप्पे ने कहा कि उन्हें अभी खुद को एक अपराजेय टीम साबित करना बाकी है।
फ्रांस के दूसरे स्टार खिलाड़ी औस्मान डेम्बेले भी अपनी भूमिका से बेहद खुश हैं। डेम्बेले ने कहा कि वह टीम में बहुत सहज महसूस कर रहे हैं। टूर्नामेंट के साथ-साथ वह मानसिक रूप से और ज्यादा मजबूत हुए हैं। डेम्बेले ने साफ किया कि उनके लिए टीम का हित हमेशा सबसे ऊपर रहता है।

स्पेन की युवा ब्रिगेड भी फ्रांस को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। स्पेन के 18 वर्षीय युवा विंगर लामिन यामल फ्रांस के खिलाफ मैच को लेकर बिल्कुल भी डरे हुए नहीं हैं। यामल ने सीधा किलियन म्बाप्पे की टीम को चुनौती दी है। यामल ने कहा कि दुनिया भर के फुटबॉल फैंस टूर्नामेंट की शुरुआत से ही इस मैच का इंतजार कर रहे थे।
उनके मुताबिक इस विश्व कप की दो सबसे बेस्ट टीमें अब सेमीफाइनल में भिड़ रही हैं। यामल ने कहा कि स्पेन की टीम किसी से नहीं डरती। अगर इस विश्व कप में कोई टीम फ्रांस को हरा सकती है तो वह सिर्फ स्पेन है।
स्पेन के मिडफील्डर रोड्री भी इस मैच को अपनी सबसे बड़ी चुनौती मान रहे हैं। रोड्री इस टूर्नामेंट के सबसे सफल पासर रहे हैं। रोड्री ने कहा कि फ्रांस के खिलाफ मैच उनके लिए सबसे कठिन परीक्षा होगी। लेकिन स्पेन की टीम मैच जीतने के लिए पूरी तरह से तैयार और प्रेरित है। रोड्री ने कहा कि उन्हें अपनी ताकत के हिसाब से खेलना होगा। फ्रांस भले ही एक मजबूत टीम हो लेकिन स्पेन की टीम भी उनसे किसी मामले में कम नहीं है।England fans and players erupted in wild celebrations as Jude Bellingham's extra-time winner sent them into the World Cup semi-finals, with the squad mobbing their hero on the pitch#fifa #fifadünyakupası #FIFAWWC #fifaupdates #fifaworldcupwithnanon #NORENG pic.twitter.com/OwEveNN6V1
— Dr. Satyen Patel (@patelsatyen24) July 12, 2026
इस बार का सेमीफाइनल मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है। एक तरफ जहां मेस्सी का अनुभव और म्बाप्पे की रफ्तार होगी वहीं दूसरी तरफ हैरी केन का नेतृत्व और लामिन यामल का युवा जोश देखने को मिलेगा। चारों ही टीमों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मौजूद हैं जो अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं।
फुटबॉल प्रेमी इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। डलास का मैदान इस ऐतिहासिक मैच का गवाह बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। अब देखना होगा कि कौन सी दो टीमें फाइनल का टिकट कटाने में कामयाब होती हैं।