धीरज एशियाई खेलों के रिकॉर्ड के साथ रिकर्व क्वालीफिकेशन में शीर्ष, टीम वर्ग में भारत दूसरे स्थान पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-09-2026
Dheeraj tops recurve qualification with Asian Games record, India finish second in team event
Dheeraj tops recurve qualification with Asian Games record, India finish second in team event

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 हाल ही में विश्व कप फाइनल जीतने वाले धीरज बोम्मदेवरा ने एशियाई खेलों में अपने अभियान की शानदार शुरूआत करते हुए पुरूष रिकर्व क्वालीफिकेशन दौर में रिकॉर्ड 698 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया ।

विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज धीरज ने पहले 36 तीरों पर 348 स्कोर किया और आखिरी 36 में 350 स्कोर के साथ 720 में से 698 अंक बनाये ।
 
पिछला एशियाई क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड कोरिया के ली वू सियोग के नाम था जिन्होंने 690 अंक बनाये थे । सियोक चौथे स्थान पर रहे ।
 
पेरिस ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रहे कोरिया के किम जे दियोग 693 अंक के साथ दूसरे और चीनी ताइपै के चिन हुन तांग तीसरे स्थान पर रहे ।
 
धीरज को अब 64 तीरंदाजों के व्यक्तिगत एलिमिनेशन ड्रॉ में पहले दौर में बाय मिला है । भारत ने एशियाई खेलों में पुरूष रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग में कभी स्वर्ण नहीं जीता है । तरूणदीप राय ने 2010 में रजत पदक जीता था ।
 
कोरियाई टीम से दो बार के चैम्पियन किम वूजिन व्यक्तिगत एलिमिनेशन दौर में जगह बनाने में नाकाम रहे ।
 
भारत के नीरज चौहान और यशदीप भोगे क्रमश: 18वें और 25वें स्थान पर रहे । टीम क्वालीफिकेशन में भारत कोरिया के बाद दूसरे स्थान पर रहा ।
 
भारत को प्री क्वार्टर फाइनल तक बाय मिला है जहां उसका सामना फिलीपींस से होगा । भारत को पदक पक्का करने के लिये तीन जीत दर्ज करनी होगी ।
 
भारतीय पुरूष टीम ने हांगझोउ में रजत पदक जीता था।