लखनऊ पर जीत से प्लेऑफ बचाना चाहेगी चेन्नई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-05-2026
Chennai will look to save the playoffs with a win over Lucknow.
Chennai will look to save the playoffs with a win over Lucknow.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 लचर प्रदर्शन के बावजूद प्लेआफ की दौड़ में कायम चेन्नई सुपर किंग्स शुक्रवार को आईपीएल के मैच में लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करके अपना दावा बनाये रखना चाहेगी जबकि दौड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ के लिये यह महज प्रतिष्ठा का मुकाबला है ।
 
चेन्नई ने टूर्नामेंट के दूसरे चरण में समय पर जीत दर्ज करके अपनी उम्मीदें कायम रखी है जबकि लखनऊ की टीम का प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा ।
 
चेन्नई को अपने बाकी सारे मैच जीतने के अलावा दूसरे मैचों के नतीजे भी अनुकूल रहने की दुआ करनी होगी । चेन्नई फिलहाल 11 मैचों में से छह जीतकर पांचवें स्थान पर है ।
 
अच्छी ‘फिनिशिंग’ नहीं होने के कारण आलोचना झेलने वाली पांच बार की चैम्पियन चेन्नई टीम ने संजू सैमसन, उर्विल पटेल, कप्तान रूतुराज गायकवाड़ और कुछ उदीयमान खिलाड़ियों के दम पर अच्छी वापसी की ।
 
शीर्षक्रम पर उर्विल के बेखौफ प्रदर्शन से पावरप्ले में चेन्नई का प्रदर्शन बेहतर हुआ है । शुक्रवार को शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस को भी बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा ।
 
जांघ की चोट के कारण हरफनमौला जैमी ओवर्टन के बाहर होने से चेन्नई की गेंदबाजी कमजोर हुई है । ओवर्टन ने दस मैचों में 14 विकेट लिये और वह इस सत्र में चेन्नई की गेंदबाजी की धुरी थे ।
 
अकील हुसैन, मुकेश चौधरी और अंशुल कम्बोज ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि अफगानिस्तान के बायें हाथ के स्पिनर नूर अहमद प्रभावी रहे हैं ।
 
दूसरी ओर लखनऊ को कप्तान ऋषभ पंत के लगातार खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा । उसके गेंदबाज विरोधी टीमों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे और चेन्नई के खिलाफ पहले चरण के मैच में तो वे 203 रन बनाकर भी हार गए ।