बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा पर देरी से नाराज ऑस्ट्रेलियाई पीएम

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-07-2026
Australian PM angry over delay in children's online safety
Australian PM angry over delay in children's online safety

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर दुनिया में अपनी तरह के पहले प्रतिबंध में प्रस्तावित बदलावों को बाधित करने वाले सांसदों की निंदा करते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रौद्योगिकी कंपनियां इस देरी का फायदा उठाकर ऐसे दस्तावेज नष्ट कर सकती हैं जिनका उनके खिलाफ सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है
 
सरकार ने इस सप्ताह संसद में संशोधन पेश किए थे, जिनका उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया की ऑनलाइन सुरक्षा निगरानी संस्था ‘ई-सेफ्टी’ की आयुक्त जूली इनमैन ग्रांट की शक्तियां बढ़ाना था। ये संशोधन फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत विभिन्न मंचों पर 16 वर्ष से कम उम्र के ऑस्ट्रेलियाई बच्चों के खाते रखने पर दिसंबर से लागू प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू करने से संबंधित हैं।
 
इन संशोधनों के तहत इनमैन ग्रांट को मंचों से दस्तावेज और यह जानकारी मांगने का अधिकार मिल जाता कि वे कम उम्र के बच्चों को अपने मंचों से दूर रखने के लिए क्या प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल वह केवल जानकारी मांग सकती हैं।
 
हालांकि, रूढ़िवादी विपक्षी लिबरल पार्टी और ‘ऑस्ट्रेलियन ग्रीन्स पार्टी’ ने बृहस्पतिवार को इस विधेयक के मसौदे को आठ सप्ताह की सीनेट समीक्षा के लिए भेज दिया। मध्य-वामपंथी लेबर पार्टी की सरकार के पास सीनेट में बहुमत नहीं है।
 
अल्बनीज ने ‘ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन’ से कहा, ‘‘यह देरी बेहद चिंताजनक है, क्योंकि ई-सेफ्टी आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इससे मंचों को बड़ी मात्रा में सामग्री नष्ट करने का मौका मिल जाएगा।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘यदि इसे कल पारित कर दिया गया होता, तो आयुक्त उसी तारीख से ये दस्तावेज मांग सकती थीं और उसके बाद जुर्माना लगाया जा सकता था।’’