एशियाई चैम्पियनशिप: मनु भाकर ने जीता कांस्य, जूनियर वर्ग में रश्मिका सहगल का स्वर्ण

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 20-08-2025
Asian Championship: Manu Bhaker won bronze, Rashmika Sehgal won gold in junior category
Asian Championship: Manu Bhaker won bronze, Rashmika Sehgal won gold in junior category

 

शिमकेंट (कजाकिस्तान)

भारत की स्टार निशानेबाज और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, जूनियर महिला वर्ग में भारत की रश्मिका सहगल ने शानदार प्रदर्शन कर व्यक्तिगत और टीम दोनों में स्वर्ण पदक जीते।

भाकर ने फाइनल में 219.7 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। चीन की कियान्के मा (243.2 अंक) ने स्वर्ण और कोरिया की जिन यांग (241.6 अंक) ने रजत पदक जीता।

दूसरी ओर, रश्मिका ने 241.9 अंक के साथ कोरिया की हान सेउंगह्यून को हराकर स्वर्ण अपने नाम किया। क्वालीफिकेशन में उन्होंने 582 अंक जुटाए और टीम इवेंट में वंशिका चौधरी (573) और मोहिनी सिंह (565) के साथ मिलकर भारत को स्वर्ण दिलाया।

टीम स्पर्धा में भाकर, सुरुचि सिंह और पलक की तिकड़ी ने 1730 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।महिलाओं के जूनियर वर्ग में रश्मिका ने शानदार लय बरकरार रखते हुए 15वें शॉट में 10.9 अंक लगाकर जीत पक्की की।

इसी चैम्पियनशिप में भारत को और सफलता मिली जब कनक बुधवार और अगम ग्रेवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल युवा महिला वर्ग में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। कनक ने 238.2 अंक से पहला स्थान और अगम ने 236.0 अंक से दूसरा स्थान प्राप्त किया।

फाइनल में उतरी तीसरी भारतीय गम्बेरिया वी. गौड़ा 172.5 अंक के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। हालांकि, टीम स्पर्धा में कनक, अगम और गम्बेरिया की तिकड़ी ने स्वर्ण पदक भारत के नाम किया।