Aryaveer will be in focus in the Under-19 Asia Cup semi-final between India and Afghanistan.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पिछले मैच में शतक ठोककर सुर्खियां बटोरने वाले आर्यवीर सहवाग अफगानिस्तान के खिलाफ बृहस्पतिवार को यहां होने वाले पुरुषों के अंडर-19 एशिया कप सेमीफाइनल में आकर्षण का केंद्र होंगे।
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने ग्रुप ए के अपने आखिरी मैच में यूएई के खिलाफ 168 गेंद पर 160 रन बनाए और इस तरह से भारत को 70 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
सहवाग ने अभी तक तीन पारियों में नाबाद 70, 22 और 160 रन बनाए हैं। इस तरह से वह अभी तक 252 रन बना चुके हैं। भारत ने ग्रुप चरण में नेपाल और यूएई को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की लेकिन उसे अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
आर्यवीर के अलावा अर्जुन राजपूत ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 107 रन बनाए।
तेज गेंदबाज ईशान सूद और बाएं हाथ के स्पिनर मनल चौहान ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने क्रमशः आठ और पांच विकेट लिए हैं। भारत को ग्रुप बी में शीर्ष पर रहे अफगानिस्तान के खिलाफ इन दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
अफगानिस्तान के लिए बल्लेबाजी में फैसल रहीमी और सुभान जखैल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जबकि नूर अली 13 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज साबित हुए हैं। आमिर हमजा ने भी पांच विकेट लिए हैं।