आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया को भोपाल में होने वाली महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के लिए भारतीय टीम से आराम दिया गया है और उनकी जगह बंसरी सोलंकी को टीम में शामिल किया गया है। मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने मंगलवार को घोषित टीम में कुछ खिलाड़ियों की भूमिकाओं में बदलाव की भी जानकारी दी।
टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर किया जाएगा। भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में प्रतियोगिता में उतरेगी और अपने अभियान की शुरुआत टूर्नामेंट के पहले दिन मलेशिया के खिलाफ करेगी।
मिडफील्डर सलीमा टेटे टीम की कप्तान बरकरार रहेंगी। जापान में पिछले महीने एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलेगी।
भारत 2016, 2023 और 2024 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुका है।
छह टीम की इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया हिस्सा लेंगे। भारत की तरह दक्षिण कोरिया ने भी महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब तीन बार जीता है।