सिडनी
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आरोप लगाया है कि 2023 एशेज सीरीज के दौरान लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के एक सदस्य ने उनके खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की थी। यह घटना इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो के विवादास्पद तरीके से आउट होने के बाद हुई थी।
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘Sabr’ में इस घटना का जिक्र किया है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन लंच के दौरान जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी दर्शकों की हूटिंग और अभद्र टिप्पणियों के बीच पवेलियन लौट रहे थे, तब एमसीसी के एक सदस्य ने उनसे कहा, ''चुप रहो, तुम...'' और उनके खिलाफ नस्लीय अपशब्द का इस्तेमाल किया।
मैच के दौरान स्काई स्पोर्ट्स पर प्रसारित फुटेज में भी ख्वाजा को लॉर्ड्स के लॉन्ग रूम से गुजरते समय एक एमसीसी सदस्य से भिड़ते हुए देखा गया था। इसके अलावा, वह एक अन्य सदस्य की शिकायत स्टेडियम के सुरक्षा कर्मियों से करते भी दिखाई दिए थे। इसके बाद वह मेहमान टीम के ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए।
अपनी किताब में घटना का जिक्र करते हुए ख्वाजा ने आरोप लगाया कि एमसीसी के सदस्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पहले एक व्यक्ति ने उनके कान के बेहद करीब आकर चिल्लाया। ख्वाजा ने उसे ऐसा दोबारा न करने की चेतावनी दी। लेकिन आगे बढ़ने के दौरान जब एक दूसरे व्यक्ति ने उनके खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की तो वह अपना आपा खो बैठे।
ख्वाजा ने लिखा, ''ऐसा लग रहा था जैसे कुत्तों का झुंड अपने अगले शिकार पर टूट पड़ने के लिए तैयार हो। सभी एक साथ गालियां दे रहे थे। हमें तरह-तरह के अपशब्द कहे जा रहे थे। मुझे यकीन नहीं हो रहा था कि मैं क्या सुन रहा हूं। शुरुआत में मैं हैरानी के कारण हंस पड़ा। क्या यह वही लॉन्ग रूम था, जो दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित और सम्मानित क्रिकेट क्लब का हिस्सा है, जहां सदस्यता के लिए 30 साल से अधिक इंतजार करना पड़ता है? या हम एडजबेस्टन के कुख्यात हॉलीज स्टैंड में थे? हालांकि हॉलीज स्टैंड के दर्शकों ने भी हमारे साथ कभी ऐसा व्यवहार नहीं किया।''
उन्होंने आगे लिखा कि जब एक व्यक्ति ने उनके कान में चिल्लाया तो उन्होंने पलटकर कहा, ''दोबारा मेरे कान में चिल्लाने की हिम्मत मत करना।'' इसके बाद आगे बढ़ते हुए उन्होंने किसी दूसरे व्यक्ति को नस्लीय गाली देते सुना, जिसके बाद उनका गुस्सा फूट पड़ा।
हालांकि, ख्वाजा ने स्पष्ट किया कि वह उस व्यक्ति की पहचान नहीं कर सके, जिसने कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिस पहले व्यक्ति से सामना किया था, उन्हें ही इस घटना के लिए जिम्मेदार समझा था।
ख्वाजा के मुताबिक, ''मुझे ठीक-ठीक नहीं पता कि वह कौन था। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि एमसीसी ने इस घटना के बाद कुछ लोगों पर प्रतिबंध लगाया था। मैंने जिस पहले व्यक्ति को देखा, उसी का सामना किया, क्योंकि मुझे लगा कि वही जिम्मेदार है। वह लगातार चिल्ला रहा था और मेरे चेहरे पर थूक रहा था। मैंने सुरक्षा कर्मियों से कहा कि इस व्यक्ति को यहां से बाहर निकालें।''
इस घटना के बाद एमसीसी ने संबंधित सदस्यों के व्यवहार की जांच की और तीन सदस्यों को निलंबित कर दिया। बाद में जांच पूरी होने पर एक सदस्य को क्लब से निष्कासित कर दिया गया, जबकि अन्य दो सदस्यों पर क्रमशः साढ़े चार साल और ढाई साल का प्रतिबंध लगाया गया।
गौरतलब है कि इस विवाद के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने यह दूसरा टेस्ट मैच 43 रन से जीत लिया था।