फिट हार्दिक पंड्या भारत की विश्व कप योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण: डब्ल्यूवी रमन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-06-2026
A fit Hardik Pandya is crucial to India's World Cup plans: WV Raman
A fit Hardik Pandya is crucial to India's World Cup plans: WV Raman

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारत के पूर्व बल्लेबाज डब्ल्यूवी रमन का मानना ​​है कि हार्दिक पंड्या का फिट होना 2027 के वनडे विश्व कप के लिए भारत की योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है , क्योंकि बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों के रूप में योगदान देने की उनकी क्षमता टीम को इस बड़े टूर्नामेंट में बेहद जरूरी संतुलन प्रदान करेगी।
 
रमन ने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘मेरा मानना है कि हार्दिक भारतीय टीम के लिए बहुमूल्य साबित हो सकते हैं। अगर वह फिट रहते हैं और पूरे 10 ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं तो उससे टीम में जो संतुलन पैदा होगा वह बेहद महत्वपूर्ण होगा। लेकिन यह सब कुछ उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘हार्दिक को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए टीम ने चुना गया था लेकिन चोट के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा।’’
 
भारत को अगले वर्ष अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप से पहले लगभग 15 वनडे मैच खेलने हैं और रमन का मानना है कि टीम प्रबंधन को इनका उपयोग सही संयोजन तैयार करने के लिए करना चाहिए क्योंकि भारत का नॉकआउट चरण में रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘आठ बार नॉकआउट चरण तक पहुंचने और केवल दो बार सफल होने से पता चलता है कि टीम प्रबंधन को विभिन्न विकल्पों पर विचार करने और अभी सही संयोजन तैयार करने के लिए प्रयोग करने की जरूरत है।’’
 
रमन ने कहा, ‘‘टूर्नामेंट से पहले के 12 से 15 महीने बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्हें सभी द्विपक्षीय श्रृंखला का उपयोग विभिन्न संयोजनों को आजमाने के लिए करना चाहिए। इससे खिलाड़ियों को खुद को पहचानने में मदद मिलेगी और प्रबंधन को विश्व कप के लिए अपनी ताकत और संभावित विकल्पों का आकलन करने का अवसर मिलेगा।’’