आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
धनतेरस पर आभूषण विक्रेताओं में उत्साह बना हुआ है। खुदरा विक्रेताओं को पिछले कुछ दिनों में हुई अच्छी अग्रिम बुकिंग से उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और देर रात तक जारी रहेगी।
अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (जीजेसी) के चेयरमैन राजेश आर. ने कहा कि आभूषण विक्रेताओं ने सुबह आठ बजे से ही अपनी दुकानें खोल दी थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘ग्राहकों का आना अभी शुरू हुआ है। ज्यादातर ग्राहक पहले से बुक कराए गए आभूषण लेने आ रहे हैं। हमें उम्मीद है कि खुदरा विक्रेता देर रात तक दुकानें खुली रखेंगे और कारोबार करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका में चुनाव और सोने-चांदी की कीमतों में कमजोरी से उपभोक्ताओं की धारणा को समर्थन मिल रहा है। ऐसे में हमें उम्मीद है कि इस साल बिक्री की मात्रा पिछले साल के बराबर या उससे थोड़ी अधिक रहेगी।’’
उन्होंने कहा कि इस साल उपभोक्ता मुख्य रूप से हल्के वजन वाले और 18 कैरेट के आभूषणों तथा अन्य किफायती वस्तुओं को पसंद कर रहे हैं।