आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि सत्ता और संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का लाभ उठाने के बाद कांग्रेस छोड़ने वाले युवा नेताओं की पार्टी में कभी वापसी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ को दिए साक्षात्कार में यह भी कहा कि यह उनकी निजी राय है।
उनका कहना है कि इस तरह के नेताओं को कांग्रेस में फिर से शामिल करने के बारे में विचार करना भी ‘‘शर्मनाक’’ होगा।
रमेश ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस में बने रहे लोग वैचारिक रूप से पार्टी के प्रति प्रतिबद्ध हैं और पार्टी को फिर से मजबूत देखना चाहते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ युवा नेताओं ने सत्ता और संगठन में लाभ उठाने के बाद कांग्रेस छोड़ दी तथा ऐसी पार्टी का रुख किया जिसकी विचारधारा कांग्रेस से ‘‘बिल्कुल विपरीत’’ है।
यह पूछे जाने पर कि ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद और मिलिंद देवड़ा सरीखे नेता भविष्य में कांग्रेस में वापसी की कोशिश करते हैं तो क्या उन्हें वापस लेना चाहिए, तो रमेश ने कहा, ‘‘मैं किसी व्यक्ति विशेष के बारे में बात नहीं करना चाहता, लेकिन जो लोग सत्ता और संगठन में विभिन्न पदों रहते हुए लाभ उठाने के बाद, पार्टी के सबसे बड़े लाभार्थी होने के बावजूद पार्टी छोड़कर चले गए, उनके लिए वापस आने पर विचार करना भी हमारे लिए शर्मनाक होगा।’’