आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
श्री वेंकटेश्वर स्वामी की '116 वर्षीय' भक्त और चेन्नई निवासी नवनीथम्मा भगवान के दर्शन के लिए पैदल तिरुमला पहुंचीं। उनकी श्रद्धा से प्रभावित होकर तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने उनके लिए विशेष इंतजाम किए। मंदिर निकाय ने यह जानकारी दी।
तिरुपति में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की देखरेख करने वाली संस्था टीटीडी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि मंदिर निकाय के चेयरमैन के निर्देश पर सोमवार सुबह नवनीथम्मा और उनके परिवार के सदस्यों के लिए वीआईपी श्रेणी के विशेष दर्शन की व्यवस्था की गई।
टीटीडी के अनुसार, दर्शन के लिए पैदल जाती हुई नवनीथम्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सहित कई लोगों ने उनकी प्रशंसा की।
नायडू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "जब सच्ची भक्ति की बात आती है तो उम्र वास्तव में कोई मायने नहीं रखती। भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दिव्य दर्शन के लिए पैदल ही तिरुमला पहुंचने वाली 116 वर्षीय इस दादी को देखकर मैं पूरी तरह हैरान और प्रभावित हूं।"
दर्शन के बाद टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी एम. रवि चंद्र नवनीथम्मा के साथ गए, जहां पुजारियों ने उन्हें आशीर्वाद दिया और सम्मानित किया।