आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सेरेंटिका रिन्यूएबल्स ने 600 मेगावाट की फर्म एंड डिस्पैचेबल रिन्यूएबल एनर्जी (एफडीआरई) परियोजना से बिजली आपूर्ति के लिए भारतीय सौर ऊर्जा निगम (एसईसीआई) के साथ बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि भारत की प्रमुख नवीकरणीय ऊर्जा प्रदाता सेरेंटिका रिन्यूएबल्स ने एसईसीआई की एफडीआरई-7 ‘एश्योर्ड पीक’ निविदा के तहत 600 मेगावाट क्षमता आवंटन के लिए एसईसीआई के साथ बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस 4,800 मेगावाट-घंटा की कुल निविदा क्षमता के साथ एफडीआरई-7 भारत की सबसे उन्नत एवं तकनीकी रूप से सबसे जटिल नवीकरणीय ऊर्जा खरीद व्यवस्थाओं में से एक है।
इस परियोजना से सालाना लगभग 97.5 करोड़ यूनिट नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन होने और कार्बन उत्सर्जन में हर वर्ष 10 लाख टन से अधिक की कमी आने की उम्मीद है।
इस उपलब्धि के साथ सेरेंटिका का उपयोगिता-स्तर (यूटिलिटी-स्केल) नवीकरणीय ऊर्जा खंड बढ़कर 8.7 गीगावाट से अधिक हो गया है।
सेरेंटिका रिन्यूएबल्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अक्षय हिरानंदानी ने कहा, ‘‘ पीपीए पर हस्ताक्षर हमारी सफल बोली को क्रियान्वयित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’
व्यापार दिल्ली