दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207 मीटर से ऊपर, कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैला

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 04-09-2025
Yamuna water level in Delhi is above 207 meters, flood water spread in many areas
Yamuna water level in Delhi is above 207 meters, flood water spread in many areas

 

नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ है। गुरुवार सुबह सात बजे पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज किया गया, जबकि आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भरता जा रहा है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सुबह पांच बजे जलस्तर 207.47 मीटर था, जो छह बजे 207.48 मीटर पर पहुंच गया और सात बजे तक स्थिर रहा। अधिकारियों ने बताया कि देर रात दो बजे से सुबह पांच बजे तक जलस्तर 207.47 मीटर पर ही टिका रहा।

तेजी से बढ़ते जलस्तर के कारण दिल्ली सचिवालय के आसपास पानी पहुंच गया है। यहाँ मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के दफ़्तर स्थित हैं। इसके अलावा वासुदेव घाट और कश्मीरी गेट क्षेत्र में स्थित श्री मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर तक भी बाढ़ का पानी घुस गया है।

बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा बुधवार शाम जारी बुलेटिन में कहा गया कि गुरुवार सुबह आठ बजे पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 207.48 मीटर रहेगा और उसके बाद धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है।

पुराना रेलवे पुल यमुना के प्रवाह और बाढ़ की संभावनाओं पर नज़र रखने के लिए एक अहम निगरानी बिंदु माना जाता है।