आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता विनेश फोगाट ने सोमवार को कहा कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाली महिला पहलवान दिल्ली की एक अदालत द्वारा उन्हें बरी करने के फैसले के खिलाफ अपील करेंगी।
दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को महिला पहलवानों द्वारा दायर यौन उत्पीड़न मामले में सिंह और सह आरोपी विनोद तोमर को बरी कर दिया।
विनेश ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘शुरू से ही पूरा प्रशासन, सरकार और व्यवस्था बृजभूषण को बचाने में लगी हुई है। हमें बहुत दुख है कि अदालत ने महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में बृजभूषण शरण सिंह को दोषी नहीं पाया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश दिया है। अपील जल्द से जल्द दायर की जाएगी। हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपना संघर्ष जारी रखेंगे।’’
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी पंवार ने भाजपा के पूर्व सांसद सिंह और डब्ल्यूएफआई के पूर्व सहायक सचिव तोमर को इस मामले में बरी किया।
विनेश ने पहलवान साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया के साथ मिलकर अप्रैल-मई 2023 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर सिंह के खिलाफ 36 दिनों तक धरना प्रदर्शन में भाग लिया था।
पूनिया ने भी अपने एक्स हैंडल पर यही बयान पोस्ट किया।
विनेश ने आरोप लगाया कि बृजभूषण ने ‘‘कई लड़कियों को धमकाकर उनके नाम वापस लेने के लिए मजबूर किया।’’